उत्तरप्रदेश की लड़कियों के तेवर भी अब मनचलों के रवैये को लेकर सख्त होने लगे हैं। प्रदेश में दो ऐसे मामले सामने आए, जब मनचलों को लड़कियों से छेड़छाड़ का हर्जाना मार खाकर चुकाना पड़ा। मामले बुलंदशहर के खुर्जा और गाजियाबाद जनपद के इंदिरापुरम इलाके में सामने आए। इंदिरापुरम पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि खुर्जा में पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।
इंदिरापुरम की एक सोसाइटी निवासी युवती डीयू में बी.कॉम तृतीय वर्ष की छात्रा है। शनिवार दोपहर वह अभयखंड चौकी के हर्षा मॉल स्थित एटीएम से नगदी निकाल रही थी। तभी वैगनआर कार सवार तीन युवक वहां पहुंचे और छात्रा से छेड़छाड़ करने लगे। उसने विरोध करते हुए शोर मचा दिया। इससे कुछ दूरी पर खडे़ उसके परिजनों के अलावा अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। तब तक पुलिस भी आ गई। भीड़ को देख दो तो किसी तरह वहां से भाग निकले पर तीसरे को पब्लिक ने दबोचकर जमकर धुना। एसएचओ इंदिरापुरम का कहना है कि आरोपी की शिनाख्त सोनू निवासी खोड़ा के रूप में हुई। उसके खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों भागे साथियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
वहीं, खुर्जा में मंदिर मार्ग निवासी तीन छात्राएं कालेज जा रहीं थीं। रेस्टोरेंट की गली पार करते ही पहले से घात लगाए बठे मनचलों ने उन्हें देखकर छींटाकशी की। छात्राओं ने मनचलों की हरकत पर ध्यान नहीं दिया। तभी अचानक पीछा कर रहे एक शोहदों ने एक छात्रा का हाथ थाम लिया। इस पर छात्राओं ने शोर मचा दिया। इसी दौरान कालेज जा रहे छात्रों के ग्रुप ने मनचलों को दबोच लिया और पीटना शुरू कर दिया। मनचलों ने जब खुद को नगर के एक प्रभावशाली नेता का नाम बताकर देख लेने की धमकी दी छात्रों ने उन्हें जूतों से भी पीटा। बाद में मौका देखकर मनचले भाग गए। 15 मिनट तक हंगामा होता रहा। पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।