कांग्रेस को लेकर एबीपी न्यूज ने एक बड़ा खुलासा करने का दावा किया है। एबीपी न्यूज के अनुसार सोनिया गांधी और राहुल गांधी की कंपनी यंग इंडियन ने ऐसी कंपनी से लोन लिया था, जिस पर काले धन को सफेद करने का आरोप है। उस कंपनी का नाम है डोटेक्स, जिससे यंग इंडियन ने 1 करोड़ रुपए का कर्ज लिया था।
यंग इंडियन कंपनी में राहुल गांधी और सोनिया गांधी की 76 फीसदी की हिस्सेदारी है। आपको बता दें कि यंग इंडिया नेशनल हेरल्ड अखबार छापने वाली कंपनी की मालिक है और इस मालिकाना हक को प्राप्त करने का मामला भी अदालत में है। नेशनल हेरल्ड को जवाहर लाल नेहरू ने आजादी से पहले शुरू किया था।
जब इसके बारे में कांग्रेस से जवाब मांगा गया तो उन्होंने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि ये सारा कर्ज लौटा दिया गया है। वहीं आरपीजी ने कहा है कि इन आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है, ये सभी आरोप निराधार हैं। हालांकि, अमर उजाला इन तथ्यों की जांच करने की स्थिति में नहीं है, ये सारे तथ्य एबीपी के हवाले से पाठकों तक पहुंचाए जा रहे हैं।