कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और केजेपी के प्रमुख बीएस येदियुरप्पा ने बीजेपी में शामिल होने की संभावना को खारिज कर दिया है और कहा है वह अपनी पार्टी की पहचान बनाए रखेंगे।
येदियुरप्पा ने बंगलूरू में पत्रकारों से कहा उनकी पार्टी केजेपी यानी कर्नाटक जनता पक्ष ने अपनी अलग पहचान कायम रखने का फैसला किया है और वह भाजपा समेत किसी भी राजनीतिक पार्टी में शामिल नहीं होगी। हालांकि केजेपी एनडीए के जरिए नरेंद्र मोदी की पीएम उम्मीदवारी का समर्थन करती रहेगी।
येदियुरप्पा का कहना था कि कुछ बीजेपी नेता जानबूझ कर यह अफवाह फैला कर भ्रम पैदा कर रहे हैं कि केजेपी भाजपा में शामिल होने जा रही है। लेकिन हम पक्के तौर पर यह बता देना चाहते हैं कि इसमें कोई भ्रम नहीं है। केजेपी एक अलग राजनीतिक पार्टी के तौर पर अपना अस्तित्व कायम रखेगी और किसी राजनीतिक पार्टी में शामिल नहीं होगी।
गौरतलब है कि उन्होंने हाल में एनडीए प्रमुख और वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को पत्र लिख कर अपनी पार्टी केजीपी को भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन में शामिल होने की इच्छा जताई थी।
मोदी को सुरक्षा देने की मांग
उन्होंने राजनीतिक रैलियों में शामिल होने वाले लोगों की सुरक्षा का पुख्ता बंदोबस्त नहीं किए जाने पर केंद्र को निशाना बनाया। उन्होंने मोदी समेत तमाम राजनीतिक नेताओं को सुरक्षा देने की मांग की।
गौरतलब कि रविवार को पटना में मोदी की रैली से पहले बम विस्फोट में छह लोगों की मौत हो गई थी और 82 लोग घायल हो गए थे।
उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें मोदी की कर्नाटक रैली में शामिल होने का निमंत्रण मिला है। अगले महीने वाली इस रैली के बारे में उन्होंने कहा कि अभी तक कोई निमंत्रण नहीं मिला है।