कर्नाटक में सत्ता से बेदखल भाजपा ने अपने पूर्व नेता बीएस येदियुरप्पा की पार्टी में वापसी के मामले में गेंद उन्हीं के पाले में डाल दिया है। पार्टी ने कहा कि वापसी के लिए उन्हें पहल करनी होगी।
पार्टी की कोर कमेटी की बंगलूरू में दो दिन चली बैठक में कुछ सदस्यों ने इस मसले को उठाया। बैठक में कहा गया कि पार्टी उनकी वापसी के खिलाफ नहीं है।
पार्टी के गुजरात मामले के प्रभारी महासचिव थावरचंद गहलौत ने कहा है कि अब यह उनके ऊपर निर्भर करता है कि वह वापसी के लिए पहल करें।
गहलौत ने बताया कि बैठक में इस मसले पर व्यापक रूप से चर्चा हुई, लेकिन पार्टी के पास उन्हें फिर से शामिल होने के लिए आमंत्रित करने का कोई प्रस्ताव नहीं है।
बैठक लोकसभा चुनावों पर विचार के लिए बुलाई गई थी। गहलौत ने कहा कि कुछ लोग येदियुरप्पा की वापसी चाहते हैं, जबकि कुछ अन्य उनकी वापसी के कट्टर विरोधी हैं।