खुद
को हाशिये पर धकेल दिए जाने से नाराज चल रहे कर्नाटक भाजपा के नेता बीएस
येदियुरप्पा की 10 दिसंबर से पहले कभी भी पार्टी को अलविदा कहने की योजना
है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि नई पार्टी के गठन की प्रक्रिया
दशहरा से शुरू हो जाएगी।
अपने कार्यालय में आयुध पूजा के बाद
येदियुप्पा ने कहा कि भाजपा के साथ कोई समझौता नहीं होगा। मैं येदियुरप्पा
हूं, जो कहता हूं, वही करता हूं। 10 दिसंबर से पहले कभी भी विधानसभा और
पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दूंगा।
पिछले साल
भ्रष्टाचार के आरोपों में कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिए जाने
के बाद पार्टी नेतृत्व द्वारा नजरअंदाज किए जाने से येदियुरप्पा नाराज चल
रहे हैं। हावेरी में एक जनसभा में वह अपनी नई पार्टी की घोषणा करेंगे। नई
पार्टी के गठन की प्रक्रिया बुधवार से शुरू हो जाएगी। हालांकि इस बारे में
उन्होंने ज्यादा खुलासा नहीं किया।
हालांकि येदियुरप्पा ने कहा कि
राज्य विधानसभा से इस्तीफा देने के बाद भी वह भाजपा सरकार को नहीं
गिराएंगे। भाजपा केंद्रीय नेतृत्व ने अवैध खनन मामले में लोकायुक्त द्वारा
उंगली उठाए जाने के बाद येदियुरप्पा से मुख्यमंत्री पद छोड़ने को कहा था।