मथुरा के छोटे से गांव की कहानी बड़े पर्दे पर नजर आएगी। मुंबई से आई फिल्म यूनिट ने गांव की लोकेशन पर कई दृश्यों को शूट किया। इस दौरान फिल्मी कलाकारों को देखने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।
राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित गांव जैंत में फिल्म ‘ये हौसला’ की शूटिंग की गई। यूपी सरकार की फिल्म बंधु योजना के तहत इयान क्रिएशन दिल्ली और मीटू फिल्म्स मुंबई के कलाकारों ने शूटिंग में भाग लिया। संसार को महिला सशक्तिकरण का संदेश देने वाली इस फिल्म की कहानी मथुरा के एक गांव की तीन सहेलियों दुर्गा, ममता और वहीदा की है।
मूल रूप से मथुरा निवासी फिल्म के प्रबंध निदेशक अनुज गर्ग बताते हैं कि दुर्गा, ममता और वहीदा, बचपन की सहेलियां, जवानी की दहलीज पर कदम रखती हैं। दुर्गा के पिता ने गांव के जमींदार से 80 हजार का कर्जा ले रखा है, जिसे वो चुका नहीं पाता है। जमींदार दुर्गा के साथ खेत पर बलात्कार करता है।