आगरा रैली में 'दंगाई' विधायकों को सम्मानित करने की भाजपा की योजना की भले आलोचना हो रही है, लेकिन इससे संगीत सोम को जरा भी फर्क नहीं पड़ता। बल्कि वह रैली को लेकर खासे उत्साहित हैं।
टीवी चैनल से बातचीत में संगीत सोम से जब पूछा गया कि क्या उन्हें पूरे घटनाक्रम पर कोई अफसोस है, तो उन्होंने जवाब दिया, "मुझे कोई अफसोस नहीं, बल्कि यह तो गर्व की बात है।"
मोदी के हाथों सम्मानित होने की योजना पर क्या बेचैनी हो रही है, इसके जवाब में सोम ने कहा, "मैं क्या, दुनिया का कोई भी आदमी नरेंद्र मोदी के हाथों सम्मानित होने में गौरवान्वित महसूस करेगा।"
दंगों पर सारा आरोप सपा पर मढ़ते हुए सोम ने कहा, "स्टिंग ऑपरेशन से यह साफ हो चुका है कि दंगे सपा सरकार ने खुद कराए थे और हमें झूठा फंसाया गया। फर्जी मुकदमा दायर किया गया, फर्जी रासुका लगाया गया।"
सपा नेता कहते रहे हैं कि उत्तर प्रदेश को गुजरात नहीं बनने दिया जाएगा। इस पर सोम ने कहा कि गुजरात में भी दंगे कांग्रेस ने कराए थे, क्योंकि मोदी तभी सीएम बने थे। उसके बाद से आज तक वहां कोई दंगा नहीं हुआ, जबकि उत्तर प्रदेश में सपा सरकार के कार्यकाल में 110 से ज्यादा कौमी दंगे हो चुके हैं।
सरधना से भाजपा विधायक संगीत सोम और सुरेश राणा के खिलाफ उत्तर प्रदेश सरकार ने रासुका के तहत मामला दर्ज कराया था और दोनों कुछ वक्त जेल में भी रहे। फिलहाल वे दोनों जमानत पर बाहर हैं।
गुरुवार को आगरा में भाजपा की रैली होने वाली है और पार्टी ने घोषणा की है कि वे इन दोनों विधायकों को इस रैली में सम्मानित करेगी।
पढ़ें, विधायकों को सम्मानित करने पर अड़ी भाजपा
पार्टी ने उत्तर प्रदेश सरकार पर राजनीतिक साजिश के तहत अपने विधायकों संगीत सोम और सुरेश राणा को फंसाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इन्हें हर हाल में सम्मानित किया जाएगा।
इन विधायकों को सम्मानित किए जाने के फैसले की सपा और कांग्रेस ने तीखी आलोचना की है। जवाबी हमले में भाजपा ने दोनों विधायकों को निर्दोष बताते हुए कहा कि दंगे के असली दोषी अब भी सत्ता की मलाई खा रहे हैं।