शायद आपको इस बात का अंदाजा न हो कि आपके घर में लगा एक पंखा कुल बिजली खपत का करीब 15 प्रतिशत तक हिस्सा खा जाता है, लेकिन अब ऐसा पंखा बन सकता है, जो बिजली का बिल घटा देगा। यह खास पंखा 50 प्रतिशत तक कम बिजली खर्च करेगा।
वर्ल्ड बैंक भारत को ऐसे पंखों के उत्पादन के लिए पांच करोड़ डॉलर देने वाला है। यह रकम ऊर्जा मंत्रालय के तहत आने वाले ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशियेंसी (बीईई) को मिलेगी, ताकि भारत 50 लाख ऐसे पंखों का उत्पादन कर सके। इससे भारत में हर दिन 100 मेगावॉट बिजली की बचत होगी।
आमतौर पर सामान्य पंखा 70 वॉट तक बिजली की खपत करता है, जबकि नया पंखा 35 वॉट तक बिजली की खपत करेगा।
वर्ल्ड बैंक के भारत प्रमुख ओनो रुह्ल का कहना है, 'हमारा उद्देश्य भारत के पंखा उद्योग को कम बिजली खर्च करने वाले पंखे बनाने के लिए नई तकनीक अपनाने में सहायता देना है।'
उन्होंने कहा कि भारत में पंखा बहुत ज्यादा इस्तेमाल होते हैं और बिजली की काफी खर्च करते हैं। ऐसे में अधिक उपयोग होने वाले इस उपकरण में निवेश करना सही फैसला है।
कंपनियों को मिलेगी आर्थिक सहायता
यह योजना बीईई द्वारा चुनी गई पंखा कंपनियों को उच्च ऊर्जा दक्षता की तकनीक के लिए आर्थिक सहायता मुहैया कराएगी।
इस प्रोजेक्ट के साथ सरकार अपने नेशनल मिशन ऑन एनहांस्ड एनर्जी एफिशियेंसी (एनएमईई) को प्रोत्साहन देने की कोशिश करेगी। इस योजना का मकसद 2014-15 तक भारत में कार्बन उत्सर्जन को 98 मिलियन टन तक घटाना और 19 गीगावॉट की बचत करना है।