सलारपुर गांव में बृहस्पतिवार दोपहर तीसरी मंजिल पर कपड़ा सुखाने के दौरान पैर फिसलने से एक महिला नीचे सड़क पर सफाई कर रहे एक व्यक्ति पर आ गिरी। हादसे में दोनों की मौत हो गई।
सफाईकर्मी की मौत के बाद मुआवजे की मांग को लेकर झुग्गी वासियों ने पोस्टमार्टम हाउस के बाहर हंगामा किया और सड़क जाम करने का प्रयास किया।
मूल रूप से बांदा निवासी रमाकांत त्रिपाठी परिवार के साथ सलारपुर गांव में देवेंद्र भाटी के मकान में किराए पर रह रहे हैं। वह एक निजी कंपनी में काम करते हैं। बृहस्पतिवार दोपहर उनकी पत्नी पूनम तीसरी मंजिल पर बालकनी में कपड़े सुखा रही थीं।
अचानक पैर फिसलने से वह नीचे गिरीं। उस दौरान सड़क पर सेक्टर-50 झुग्गी निवासी ओमप्रकाश सफाई कर रहा था। पूनम उस पर ही जा गिरी। हादसे में ओमप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि घायल पूनम को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सफाईकर्मी की मौत की जानकारी पाकर सेक्टर-50 झुग्गीवासी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। उन्होंने मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। रास्ता जाम करने का प्रयास किया। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी ने उन्हें शांत कराया।
झुग्गी के प्रधान रविंद्र के मुताबिक ओमप्रकाश प्राधिकरण के सफाई ठेकेदार के अधीन काम करता था।