प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जहां हुनरमंद भारत बनाने का रोडमैप देश के सामने पेश कर रहे हैं, वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव कह रहे है कि उनका प्रदेश जब तक हुनरमंद नहीं होगा तब तक देश हुनरमंद नहीं होगा।
उत्तर प्रदेश में भले ही कानून व्यवस्था के मुद्दे पर राज्य सरकार पर सवाल खड़े हो रहे हो, मगर बृहस्पतिवार को निवेशक सम्मेलन में जिस तरह से देश की बड़ी कंपनियों ने प्रदेश में निवेश को लेकर उत्साह दिखाया उसे देख कर यूपी सरकार का सीना चौड़ा हो गया है।
सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने उद्योगों को पर्याप्त सुविधा और सुरक्षा देने का वादा किया। इस पर कई कंपनियों के अधिकारियों ने भरोसा जताया और सीएम की तारीफ की। मुख्यमंत्री ने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि जो काम शुरू हुआ है वह रुकेगा नहीं। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को संसद में देश को हुनरमंद बनाने की बात की थी।
उत्तर प्रदेश में मिलेगा बेहतर माहौल
बृहस्पतिवार को अखिलेश यादव ने कहा कि उन्होंने अखबारों और टीवी पर देखा कि प्रधानमंत्री कौशल विकास की बात कर रहे हैं। वह बताना चाहते है कि उत्तर प्रदेश से कौशल विकास का कार्यक्रम शुरू हुआ है।
छह महीने में 40 लाख युवाओं ने ऑन लाइन पंजीकरण कराया है। उत्तर प्रदेश की सपा सरकार के शासनकाल में हो रही दुष्कर्म समेत तमाम आपराधिक वारदातों को लेकर देश और दुनिया में हो रही आलोचना के बीच मुख्यमंत्री ने डैमेज कंट्रोल की कोशिश की है।
निवेशकों का विश्वास जीतने के लिए अखिलेश ने कई बार कहा कि वह प्रदेश में निवेश करने वाली कंपनियों को पूरा समय देंगे। अपने भाषण के बाद उन्होंने प्रदेश में निवेश की इच्छुक कंपनियों के अधिकारियों से अलग-अलग बातचीत भी की।
खराब छवि को खत्म करना पड़ेगा
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश कभी ये पहचान नहीं बना पाया कि ताजमहल यूपी में है। कई विदेशी पर्यटकों को पता नहीं कि ताजमहल किस प्रदेश में है। अखिलेश ने कहा कि हमें इस खराब छवि को खत्म करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि लखनऊ-आगरा के बीच छह लेन का एक्सप्रेस-वे बनाने को लेकर हम आगे बढ़ रहे है। हमारे पास बजट है। एक्सप्रेस-वे के आसपास मंडी का विकास किया जाएगा।
हर जिला मुख्यालय को चार लेन सड़क से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि उद्योगों को विभागीय मंजूरी तेजी से दी जाएगी। सीएम ने कहा कि बिजली उत्पादन से संबंधित पिछले साल नौ कारोबारी समझौते पर हस्ताक्षर किए गए थे। उनके लिए कोयले का इंतजाम होता है तो ये परियोजनाएं भी आगे बढ़ सकती है।
लखनऊ मेट्रो ट्रेन का जिक्र करते हुए कहा कि हम किसी भी महानगर से विकास के मामले में कम नहीं हैं। इस काम के लिए मेट्रो मैन श्रीधरन को लगाया गया है।