भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अनंत कुमार ने कोयला खदान आवंटन घोटाले के लिए प्रधानमंत्री को भी जिम्मेदार बताया है।
कुमार ने सोनिया गांधी का नाम तो नहीं लिया लेकिन उन पर निशाना जरूर साधा। उन्होंने कहा कि इस घोटाले में रुपया देने वालों पर तो कार्रवाई हो रही है, पर जिन्होंने रुपया लिया उन पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने आरोप लगाया कि सीबीआई घोटाले के मुख्य आरोपी प्रधानमंत्री को बचा रही है। प्रधानमंत्री के हटे बगैर इसकी निष्पक्ष जांच संभव ही नहीं है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव दागी छवि के चंद्रभद्र सिंह उर्फ सोनू सिंह के भाजपा में शामिल होने के सवाल पर बोल नहीं पाए।
कुमार ने शनिवार को यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कोलगेट और रेलगेट अथवा इससे पहले सामने आए टूजी स्पेक्ट्रम घोटाला, राष्ट्रमंडल खेलों का घोटाला या अन्य घोटाले, सभी में यह साफ हो गया है कि कोई आदमी परदे के पीछे से यह सब करवा रहा है।
कुमार ने घोषणा की कि भाजपा केंद्र सरकार के घोटालों के खिलाफ 27 मई से दो जून तक देश भर में जेल भरो आंदोलन चलाएगी। मानसून सत्र में भी संसद में केंद्र को घेरा जाएगा। कोलगेट मामले में सरकार की नीयत साफ नहीं है।
उन्होंने कहा कि 90 लाख के घोटाले में रेलमंत्री पवन बंसल का इस्तीफा ले लिया गया। कई की गिरफ्तारी भी हो गई, पर 1.86 लाख करोड़ रुपये के कोलगेट घोटाले के आरोपी अभी तक मंत्रिमंडल में बने हुए हैं।
उन्होंने कांग्रेस के साथ सपा व बसपा पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि बेनी सपा और बसपा पर कमीशनखोरी का आरोप लगाते हैं। सपा व बसपा केंद्र सरकार पर निशाना साधते हैं, पर सब एक-दूसरे को बचा रहे हैं।