बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने कहा है कि केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार की कथनी और करनी में भारी अंतर है। मायावती ने एक जुलाई को शुरू किए गए ‘डिजिटल इंडिया’अभियान को पहली नजर में बेअसर बताया है।
उन्होंने कहा कि बिजली की उपलब्धता न होने के कारण लोग इस कार्यक्रम को भी देख ही नहीं पाए। इस अभियान से पहले नरेन्द्र मोदी सरकार को 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने का अपना चुनावी वादा पूरा करना चाहिए। भाजपा की गलत नीतियों व हवा-हवाई कार्यक्रमों से देश के लोगों का भला होने वाला नहीं है।
साथ ही मायावती ने कहा की भाजपा के समर्थ व संपन्न लोग भी रसोई गैस सब्सिडी छोड़ने की प्रधानमंत्री की अपील मानने को तैयार नहीं हैं।
मायावती ने बसपा कार्यालय में पश्चिमी बंगाल और गुजरात के पार्टी पदाधिकारियों व प्रमुख नेताओं के साथ अलग-अलग बैठकें की। उन्होंने सरकार की असलियत को उजागर करते हुए जनता को जागृत करने पर जोर दिया।