पटना में नीतीश सरकार केशपथ ग्रहण समारोह में लालू प्रसाद यादव से गले मिलने को लेकर विरोधियों के निशाने पर आए दिल्ली केमुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सिर्फ नीतीश कुमार से निजी तौर पर मिलकर उन्हें बधाई देकर लौट आना चाहते थे। लेकिन जब नीतीश कुमार ने उनसे साफ कहा कि उन्हें शपथ समारोह में आने के लिए आमंत्रित किया गया है, न कि बधाई देने केलिए। और अगर उन्हें शपथ समारोह में शामिल होने में कोई दिक्कत है तो फिर वह न आएं। तब केजरीवाल समारोह में शामिल होने को तैयार हो गए।
यह जानकारी नीतीश कुमार केकरीबी जद(यू) सूत्रों ने अमर उजाला को देते हुए बताया कि जब तमाम गैर भाजपा मुख्यमंत्रियों को शपथ ग्रहण केलिए आमंत्रित किया गया तो उसी कड़ी में अरविंद केजरीवाल को भी बुलाया गया। केजरीवाल ने चुनाव में महागठबंधन की जीत केलिए अपना समर्थन दिया था इसलिए महा गठबंधन के दोनों नेता नीतीश कुमार और लालू प्रसाद यादव उनके प्रति कृतज्ञता भी प्रकट करना चाहते थे। इसलिए भी उन्हें विशेष रूप से समारोह में बुलाया गया था।