गोवा के पूर्व लोक निर्माण मंत्री चर्चिल अलेमाओ ने रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर और बीजेपी पर हमला बोला है। उन्होंने सवाल उठाए कि सत्ताधारी पार्टी ने मोपा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा परियोजना के लिए उसी कंपनी को क्यों चुना जिसपर पहले से ही घूस देने के आरोप थे।
उनका यह बयान मनोहर पर्रिकर के उस बयान के बाद आया है जिसमें उन्होंने कहा था की एक कंपनी ने गोवा के दो पूर्व मंत्रियों को घूस दी थी। वहीं चर्चिल का कहना है कि अमेरिका मूल की कंपनी लूइस बर्जर ने मोपा परियोजना के लिए 14 करोड़ रुपये अदा किए थे। सरकार को बताना चाहिए कि इस समझौते में उन्हें कितना कमीशन मिला।
जब सरकार को पहले से ही पता था कि लूइस बर्जर ने कई परियोजनाओं को हासिल करने के लिए घूस दी थी तो फिर मोपा परियोजना का ठेका उसी कंपनी को कैसे मिल गया। जाहिर सी बात है कि इसके लिए भी उसने घूस दी होगी। इस परियोजना की भी जांच होनी चाहिए। चर्चिल ने रक्षा मंत्री को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा, 'जब माननीय रक्षा मंत्री सब कुछ जानने का दावा करते हैं, तो उन्होंने फिर मोपा परियोजना के लिए उसी कंपनी को क्यों चुना।'