दर्शकों के बीच पिछले पांच सीजन से धमाल मचा रहा टीवी शो 'बिग बॉस' छठें सीजन की शुरुआत 6 अक्टूबर से कर रहा है। टेलीविजन चैनल ‘कलर्स’ पर दिखाए जाने वाले इस शो में इस बार ग्लैमर जगत की हस्तियां तो शामिल हो ही रही हैं, कई ऐसी शख्सियतें भी शामिल हो रही हैं, जो लगातार मीडिया की सुर्खियां बटोरती रहीं हैं। आप की बेसब्री को कम करने के लिए हम बिग-बॉस-6 के घर में शिरकत कर रहे मेहमानों की सूची साझा कर रहे हैं।
बिग बॉस के प्रस्तोता सलमान खान ने कुछ दिनों पहले एक साक्षात्कार में कहा था कि इस बार का संस्करण साफ-सुथरा होगा जिसे पूरा परिवार एक साथ देख सकता है। हालांकि अब तक जिन नामों का चयन किया गया है, उन्हें देखकर यह कहना मुश्किल होगा कि यह संस्करण पारिवारिक होगा।
दर्शक इस बार ‘बिग बॉस’ के घर में मॉडल से अभिनेत्री बनी सयाली भगत, मैच फिक्सिंग की आरोपी नूपुर मेहता, विवादित स्वामी नित्यानंद, आमिर खान के भाई फैजल खान, पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू, एंकर/अभिनेता जय भानुशाली को प्रवेश करते देख सकते हैं।
कार्यक्रम में पहले की तरह इस बार भी एक विदेशी मेहमान को प्रवेश मिलेगा। इस बार कोई और नहीं बल्कि हॉलीवुड टेलीविजन जगत की मशहूर और हॉट हस्ती किम करदाशियां होंगी। ‘बिग बॉस’ के छठे संस्करण का प्रसारण प्राइम टाइम में किया जाएगा ताकि कार्यक्रम को ज्यादा से ज्यादा दर्शक मिल सकें।
एक झलक घर के मेहमानों पर
स्वामी नित्यानंद: विवादों से गहरा ताल्लुक रखने वाले स्वामी नित्यानंद भी शो में खास मेहमान होंगे। एक वीडियो में तमिल एक्ट्रेस रंजिता के साथ आपत्तिजनक अवस्था में देखे गए नित्यानंद बिग बॉस-6 में क्या रंग दिखाएंगे, देखना मजेदार होगा।
नूपुर मेहता: मैच फिक्सिंग के कारण चर्चा में आई फिल्म अभिनेत्री नूपुर मेहता भी इस शो की मेहमान होंगी। नूपुर हाल ही में गीतिका शर्मा सुसाइड मामले में भी मीडिया की सुर्खियों में रहीं। नुपुर मेहता हिंदी फिल्म 'जो बोले सो निहाल' में दिखी थीं।
सयाली भगतः सयाली के पास इन दिनों न फिल्में हैं न टीवी शो। उन्हें इस शो के माध्यम से प्रचार की खासी उम्मीदें है। वह इमरान हाशमी के साथ 2007 में फिल्म 'द ट्रेन' दिख्री थीं। सिंगापुर, पेयिंग गेस्ट आदि में भी उन्होंने काम किया था।
फैजल खान: फैजल खान अभिनेता आमिर खान के भाई हैं। फैजल और आमिर के बीच मतभेद है, जिसके चलते वह आमिर की बात ना मानकर इस शो में दिखेंगे। 2000 में आई फिल्म 'मेला' के बाद से फैजल लगभग गुमनाम से हो गए हैं।
जय भानुशाली: जय भानुशाली जी टीवी के नए रिएलिटी शो डांस इंडिया डांस में एंकर की भूमिका में नजर आए थे और एक मेजबान के रूप में डांस इंडिया डांस और अपने नृत्य कौशल पद के लिए भी जाने जाते है।
नवजोत सिंह सिद्घूः नवजोत सिंह सिद्घू पूर्व भारतीय क्रिकेटर हैं। फिलहाल वह टीवी कमेंट्री करते हैं। राजनीति में भी वह अपना हाथ आजमा रहे हैं। वह भारतीय जनता पार्टी के सदस्य हैं और अमृतसर से लोकसभा का चुनाव भी जीत चुके हैं।
किम करदाशियां: किम करदाशियां इस शो की विदेशी मेहमान होंगी। किम एक अमेरिकी सोशलाइट और रियलिटी टीवी स्टार मॉडल हैं। अपने रियलटी कार्यक्रमों ओर विवादों के लिए वह अक्सर चर्चा में रहती हैं।