पाकिस्तान से भारत लाई गई मूकबधिर गीता पर अपना दावा जताने वाला महेशगंज का परिवार उसे पाने के लिए हर जांच कराने को तैयार है। खुद को उसकी मां बताने वाली अनारा देवी पति रामराज के साथ इस मामले को लेकर मंडलायुक्त से मिली और अपना दुखड़ा सुनाया। कहा कि उसका डीएनए टेस्ट करा लिया जाए।
उसके प्रार्थना पत्र को गंभीरता से लेते हुए कमिश्नर ने प्रमुख सचिव गृह और जिलाधिकारी प्रतापगढ़ को डीएनए टेस्ट कराने के लिए पत्र भेजा है। उधर, पूरे परिवार के साथ रामराज गीता से मिलने के लिए दिल्ली रवाना हो गया है।
23 साल की गीता कराची में ईदी फाउंडेशन के आश्रय स्थल में रहती थी। वह करीब एक दशक पूर्व लाहौर स्टेशन पर समझौता एक्सप्रेस में मिली थी। पुलिस उसे लाहौर के चेरिटेबल ईदी फाउंडेशन में ले गई।
कुछ दिनों पूर्व जब मामला सामने आया तो महेशगंज थाना क्षेत्र के रामा का पुरवा पूरे रामा निवासी रामराज गौतम व उसकी पत्नी अनारा देवी ने दावा किया कि गीता उनकी खोई हुई बेटी सविता है। दंपति का कहना था कि 11 साल पहले वह छपरा में उनसे बिछुड़ गई थी और किसी तरह पाकिस्तान चली गई। दोनों ने उसके बचपन की तस्वीर दिखाते हुए तमाम तर्क भी दिए।