मुंबई हमलों के दौरान अवैध हथियार रखने के मामले में पांच साल की सजा काटकर संजय दत्त गुरुवार को जेल से रिहा हो गए। हालांकि संजय दत्त को उनके अच्छे व्यवहार के कारण सजा की अवधि पूरी होने से 103 दिन पहले ही जेल से रिहाई मिल गई, लेकिन एक वक्त ऐसा भी रहा जब उन्होंने जेल जाने के बाद कैदियों की ड्रेस पहनने से ही इंकार कर दिया।
द हिंदू की रिपोर्ट के अनुसार पुणे की यरवड़ा जेल जाने से पहले वह कुछ दिन के लिए मुंबई की आर्थर रोड जेल में भी रहे थे। यहां रहने के दौरान सभी कैदियों को कैदी वाली पोशाक पहननी होती है। लेकिन संजय दत्त इसके लिए तैयार नहीं थे।
डीआईजी जेल स्वाती साठे ने बताया कि, शुरूआती समय में आर्थर रोड जेल में रहने के दौरान वह कैदियों वाली पोशाक पहनने के लिए तैयार नहीं थे। जब उन्हें सख्त लहजे में ताकीद की गई तब वह तैयार हुए।
वहीं, पुणे की यरवड़ा जेल में संजय दत्त के डेली रूटीन के बारे में पूछने पर उन्होंने बताया कि, उनकी दिनचर्या अन्य कैदियों की तरह ही होती थी। वह सुबह 5.30 बजे उठते थे। इसके बाद सुबह की प्रार्थना, शारीरिक व्यायाम, चाय, नाश्ता आदि से फारिग होने के बाद वह नियमित कामों में लग जाते थे।