फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नेता कब सीखेंगे महिलाओं का सम्मान करना

Sat, 29 Dec 2012 11:52 AM IST
नई दिल्ली/भोपाल/इंटरनेट डेस्क
विज्ञापन
विज्ञापन
महिलाओं पर नेताओं की जुबान फिसलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया ने शुक्रवार को नारी उत्पीड़न के खिलाफ आयोजित एक कार्यक्रम में ऐसी टिप्पणियां कर दी कि सुनने वाले हैरान रह गए।
विज्ञापन


भूरिया ने भाजपा विधायक ध्रुवनारायण सिंह का संदर्भ लेते हुए कहा कि भाजपा का एक विधायक है, ध्रुवनारायण, जो मुख्यमंत्री के साथ फोटो खिंचाता है और उससे मुख्यमंत्री भी बड़ा खुश रहता है। राहुल भैया (नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह की ओर इशारा करते हुए) सही कहते हैं कि ध्रुवनारायण के साथ जब तक 4-5 महिलाएं नहीं होतीं, उसे नींद नहीं आती है। यह भाजपा का कल्चर है।

नारी उत्पीड़न के खिलाफ पिछले तीन दिनों से चल रहे उपवास कार्यक्रम में बैठे कांग्रेस के नेता प्रदेशाध्यक्ष की यह टिप्पणी सुनकर हैरान रह गए। भूरिया इतने पर ही नहीं रुके। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता अत्याचारी, अनाचारी और दुराचारी हैं। उल्लेखनीय है कि ध्रुवनारायण सिंह का नाम शहला मसूद हत्याकांड के दौरान उछला था और सीबीआई ने उनसे काफी पूछताछ की थी।
विज्ञापन


पहले भी फिसली है भूरिया की जुबान   
महिलाओं के बारे में टिप्पणी करते समय भूरिया की जुबान पहले भी फिसल चुकी है। भूरिया ने एक बार मध्य प्रदेश सरकार में दो महिला मंत्रियों अर्चना चिटनीस और रंजना बघेल के बारे में टिप्पणी की थी कि वे नाचने वाली बाइयों की तरह काम करती हैं। जिसकी शिकायत अर्चना चिटनीस ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से की थी।

नेताओं की जब-जब फिसली जुबान

राष्ट्रपति के बेटे ने जब प्रदर्शनों को कहा गुलाबी क्रांति    
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के बेटे और कांग्रेस के सांसद अभिजीत मुखर्जी ने दिल्ली गैंगरेप के खिलाफ प्रदर्शन कर रही छात्राओं और महिलाओं का मजाक उड़ाया था। उन्होंने कहा था कि छात्राओं के नाम पर रैलियों में सुंदर सुंदर डेंटेड-पेंटेड महिलाएं पहुंच रही हैं।

दिल्ली में जो हो रहा है वो गुलाबी क्रांति है, जिसका जमीनी हकीकत से कोई लेनादेना नहीं है। पहले ये महिलाएं कैंडल लेकर जुलूस निकालती हैं और फिर शाम को डिस्कोथेक में जाती हैं। हम भी छात्र रहे हैं। हमें पता है कि छात्रों को कैसे रहना चाहिए।  

'तू तो ठुमके लगाती है'
कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने तो हद ही कर दी। गुजरात चुनाव नतीजों को लेकर एक नेशनल टेलीविजन पर लाइव चर्चा के दौरान निरुपम और भाजपा नेता स्मृति ईरानी उलझ गए थे। निरुपम ने ईरानी के तर्कों की काट करते हुए कह दिया कि चार दिन हुए नहीं और आप राजनीतिक विश्लेषक बनती फिर रही हैं, आप तो टीवी पर ठुमके लगाती थीं।

'रेप पीड़िता जिस्मफरोशी करती है'
तृणमूल कांग्रेस की नेता काकोली घोष ने पश्चिम बंगाल के पार्क स्ट्रीट रेप केस के बारे में कहा था कि ये मामला बलात्कार का नहीं है। ये केस महिला और ग्राहक के बीच विवाद का नतीजा है यानी घोष के कहने का मतलब यह था कि बलात्कार की शिकार लड़की जिस्मफरोशी करती है।

रेप पर ममता का विवादित बयान
पहले लड़के-लड़कियां अगर एक दूसरे का हाथ पकड़ लेते थे तो उनके माता-पिता उन्हें पकड़ लेते थे, डांटते थे पर अब सब कुछ खुला है। खुले बाज़ार में खुले विकल्पों की तरह। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने महिलाओं के साथ बलात्कार की बढ़ती संख्याओं पर अपने फेसबुक पर ये टिप्पणी दर्ज की थी, उनकी इस टिप्पणी पर महिला संगठनों ने काफी आपत्ति जताई थी।

सीपीएम विधायक का ममता पर बयान
सीपीएम के विधायक अनिसुर रहमान ने उत्तर दिनाजपुर जिले के इटाहार में राजनीतिक रैली के दौरान ममता बनर्जी द्वारा बलात्कार पीड़ित को आर्थिक सहायता देने की घोषणा को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। रहमान ने कहा था, ‘ममता बनर्जी अगर तुम्हारा रेप हो जाए तो तुम कितना पैसा लोगी।’

‘लड़की खुद चाहती है कि रेप हो’
हरियाणा में बढ़ती रेप की घटनाओं पर प्रदेश कांग्रेस कमिटी के सदस्य धर्मवीर गोयत ने कहा था कि राज्य में सामने आए बलात्कार के ज्यादातर मामले दरअसल सहमति से सेक्स के हैं। अगर अपहरण और बलात्कार के मामलों की तह तक जाएं तो पता चलता है कि 90 फीसदी मामलों में पीड़ित और आरोपी भागे हुए प्रेमी जोड़े हैं यानी ये सहमति है।

रेप पीड़िता को नौकरी देने पर मुलायम की खिंचाई
यूपी विधानसभा चुनाव 2012 में समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह ने वादा किया था वह बलात्कार की शिकार लड़कियों को नौकरी देंगे। उनके इस बयान पर पूरे देश में तीखी प्रतिक्रिया हुई थी और उनकी जमकर आलोचना की गई थी।
विज्ञापन

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें