इन दिनों खुफिया एजेंसियां आजमगढ़ का ‘इराक कनेक्शन’ तलाशने में जुटी हैं। पिछले दिनों इराक में छिड़े गृहयुद्ध में मुंबई के कल्याण बाजार पेट परिसर में रहने वाले चार युवकों के शामिल होने की बात सामने आने के बाद खुफिया एजेंसियां यह पता करने में जुटी हैं कि उन युवकों से आजमगढ़ के उन फरार आतंकी युवकों के बीच कोई संबंध तो नहीं हैं, जो बटला इनकाउंटर जैसे मामलों में वांछित हैं। जिन पर दस-दस लाख रुपये के इनाम की घोषणा की गई है। इसके लिए ये एजेंसियां जिले में इन युवकों के परिवारीजनों के साथ-साथ रिश्तेदारों और करीबियों पर पैनी नजर रखे हुए हैं।
आईबी (इंटेलीजेंस ब्यूरो) के एक अधिकारी ने बताया कि आजमगढ़ और आसपास के जिलों के बहुत से लोग खाड़ी देशों में जीविकोपार्जन के लिए रह रहे हैं। इनमें सैकड़ों लोग केवल इराक में हैं। ऐसे में बहुत संभव है कि फरार आतंकियों की सूची में शामिल जिले के सर्फुद्दीन, अबू राशिद, आरिज खान, मिर्जा सादाब बेग, डा. शाहनवाज, मो. खालिद, बड़ा साजिद आदि का इधर इन लोगों से कोई नया संपर्क हुआ हो।