भाजपा ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए अपनी रणनीति को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। पार्टी की योजना अप्रैल महीने में संभावित इस चुनाव के लिए नए साल के पहले ही महीने में ही 100 उम्मीदवारों की घोषणा करेगी। इसी महीने में पार्टी अलग-अलग जगहों से चार यात्राएं निकालेगी।
इन यात्राओं के बहाने पार्टी के वरिष्ठ नेता और सरकार के वरिष्ठ मंत्री राज्य में डेरा डालेंगे। राज्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए पार्टी ने राज्य की 294 सीटों को ए, बी और सी के रूप में तीन श्रेणियों में बांटा है। ए श्रेणी में उन 70 सीटों को शामिल किया गया है, जिसमें लोकसभा चुनाव के दौरान पार्टी पहले और दूसरे स्थान पर रही थी।
इनमें कुछ सीटें ऐसी भी हैं जहां तीसरे नंबर पर रहने के बावजूद पार्टी खुद के लिए बेहतर संभावना देख रही है। बिहार विधानसभा चुनाव से सबक सीखते हुए भाजपा आलाकमान ने पश्चिम बंगाल में उम्मीदवारों के एलान में देरी न करने का फैसला किया है। रणनीतिकारों की योजना 15 से 19 जनवरी के बीच करीब सौ उम्मीदवारों के नाम घोषित करने की है।