महंगाई के बीच प्याज के बढ़ते दामों ने जहां घरों में सब्जी का स्वाद बिगाड़ दिया है वहीं, इसी स्वाद को वापस लाने के लिए एक वेबसाइट सस्ती दर पर प्याज बेच रही है।
ग्रुपऑन नाम की एक शॉपिंग वेबसाइट नौ रुपए प्रति किलो पर प्याज बेच रही है। साथ ही इसके लिए कहीं जाना भी नहीं पड़ेगा और प्याज की होम डिलीवरी हो जाएगी।
यह शॉपिंग वेबसाइट कई सामान पर डील्स देती है। साइट ने दिल्ली के प्याज के होलसेल व्यापारी से डील कर यह ऑफर दिया है।
लेकिन इस ऑफर के साथ एक शर्त भी लगाई गई है। शर्त के अनुसार कंपनी एक घर में सिर्फ एक किलो प्याज ही डिलीवर करेगी। ऑर्डर दस दिन के अंदर मिलेगा।
कंपनी अगले सात दिनों तक देश के 78 शहरों में कंपनी 9 रुपये के हिसाब से प्याज बेचेगी। हर दिन तीन हजार किलो प्याज बेचने के लिए रखा जाएगा।
प्याज के बढ़ते दामों से लोग परेशान हैं और पिछले डेढ़ महीने में प्याज के रेट बढ़कर 80 रुपये किलो तक पहुंच गए हैं। ऐसे में दिल्ली सरकार ने भी सस्ते प्याज की रेहड़ियां लगवाई थीं।