सड़कों पर हो रही छेड़छाड़ को रोकने और इसके विरुद्ध माहौल तैयार करने के लिए एक संस्था काम करती है जिसका नाम है होलाबैक। भारत समेत दुनिया के कई देशों में इस संस्था के सदस्य काम करते हैं।
जागरुकता फैलाने के लिए ये लोग सोशल मीडिया का भी सहारा लेते हैं। 28 अक्तूबर को Street Harassment Video नाम के यूट्यूब चैनल से एक वीडियो अपलोड किया गया था जिसे होलाबैक ने बनवाया था।
इस वीडियो को बनाया था न्यूयॉर्क की अभिनेत्री शोशाना रॉबर्ट्स ने। इस वीडियो के जरिए दिखाया गया था कि न्यूयॉर्क की सड़कों पर भी महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं और जब शोशाना 10 घंटे सड़कों पर घूमती हैं तो उन्हें 100 से ज्यादा बार छेड़छाड़ का शिकार बनाया गया।
इस वीडियो को अभी तक 35,476,498 बार देखा जा चुका है। इस वीडियो को अपलोड करने के बाद अभिनेत्री को जान से मारने की भी धमकियां दी गईं। अगर आपने ये वीडियो अभी तक नहीं देखा है तो देखिए ये वीडियो-
मुंबई की सड़कें भी सुरक्षित नहीं लड़कियों के लिए
इस वीडियो के सामने आने के बाद पूरी दुनियाभर में इस तरह के वीडियो बनाए जाने लगे। कहीं 10 घंटे पैदल बर्लिन में तो कहीं 10 घंटे पैदल डब्लिन में किस्म के वीडियो बनाए जाने लगे।
अब ये वायरल फीवर पहुंच चुका है भारत और भारत की सड़कों से भी ऐसे वीडियो सामने आ रहे हैं। नीचे जो वीडियो दिया गया है यह मुंबई का है और इसे नौ नवंबर को IndieTube नाम के यूट्यूब चैनल से अपलोड किया गया था।
इसे अभी तक 599,934 बार देखा जा चुका है। एक लड़की मुंबई की सड़कों पर स्कर्ट पहन कर निकलती है तो क्या होता है उसके साथ यही दिखाया गया है इस वीडियो में।
पुणे में भी सुरक्षित नहीं हैं लड़कियां
अब देखिए पुणे का वीडियो जहां एक लड़की फिर से सड़क पर उतरी। ये लड़की भी घंटों तक सड़क पर पैदल चली लेकिन यहां भी वही हुआ जो न्यूयॉर्क और मुंबई में हुआ था।
छह नवंबर को इस वीडियो को Kolte Patil नाम के यूट्यूब चैनल से अपलोड किया गया था। इसे अभी तक 34,853 बार देखा जा चुका है।
सवाल फिर वही है कि लड़की आखिर करे तो क्या? क्यों वह सड़कों पर खुद को सुरक्षित नहीं समझती? क्यों हम उसे एक सुरक्षित माहौल दे पाने में नाकाम हैं?
आलिया भट्ट भी फंस गई थीं सड़क पर!
अब एक और वीडियो हम आपको दिखा रहे हैं। Vogue India के यूट्यूब चैनल से इस वीडियो को 17 अक्तूबर को अपलोड किया गया था। इसे अभी तक 4,552,919 बार देखा जा चुका है।
इस वीडियो में दिख रही हैं प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री आलिया भट्ट जो अपने घर जा रही हैं लेकिन रास्ते में उनकी कार खराब हो जाती है। रात का वक्त है, कार में आए गुंडे उन्हें घेर लेते हैं।
लेकिन इसके बाद जो होता है वो बेहद चौंका देने वाला है। वीडियो खत्म होते होते एक सवाल छोड़ कर जाता है। सवाल ये कि क्या हम लड़की को वो दुनिया दे सकते हैं जिस पर वो भरोसा कर सके? वो दुनिया जो शायद सिर्फ उसके सपने में है?
देखिए ये वीडियो और सोचिए कि हम क्या ऐसा कर सकते हैं कि लड़कियां खुद को सुरक्षित महसूस करें।