गुजरात में मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआई) की प्रस्तावित कार निर्माण इकाई की स्थापना का विरोध शुरू हो गया है। हंसलपुर गांव में प्रस्तावित इस संयंत्र के निर्माण कार्य को रोकने के लिए ग्रामीणों ने गैर सरकारी संगठनों के माध्यम से कंपनी को नोटिस भेजने का निर्णय किया है।
जमीन अधिकार आंदोलन के संयोजक सागर राबरी के मुताबिक, ‘हमने न्यायालय के तहत विचाराधीन जमीन पर प्रस्तावित संयंत्र के निमार्ण कार्य को रोकने के लिए एमएसआई को नोटिस भेजने का फैसला किया है।’
उन्होंने कहा कि अगर निर्धारित स्थल पर कंपनी की इकाई का निर्माण कार्य जारी रहता है तो वहां ग्रामीणों और कंपनी के बीच टकराव की स्थिति पैदा हो सकती है। एमएसआई ने स्थल को पहले ही बाउंड्री वॉल से घेर दिया है।
कंपनी का दावा है कि उसने यह स्थल राज्य सरकार से खरीदकर इस पर कब्जा हासिल किया है। जबकि ग्रामीण इस जमीन पर अपना हक जताते रहे हैं। वहीं राज्य सरकार का कहना है कि एमएसआई को बेची गई जमीन बंजर थी।
ग्रामीणों ने संयंत्र के आस-पास के इलाके को विशेष निवेश क्षेत्र (एसआईआर) बनाए जाने की राज्य सरकार की योजना का विरोध जताया है।
सरकार की औद्योगिक नीति के तहत एसआईआर को ऑटो व नॉलेज हब के रूप में विकसित किए जाने को अधिसूचित किया गया है।