भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा है कि तहलका की पूर्व मैनेजिंग एडिटर शोमा चौधरी की नेम प्लेट पर कालिख पोतने वाले नेता विजय जौली ने बिना शर्त माफी मांग ली है। इसलिए मामला यहीं खत्म हो जाता है।
इससे पहले भाजपा के आला नेताओं ने विजय जौली के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही थी।
भाजपा के दिल्ली प्रदेश कार्यालय में विजय जौली जौली के खिलाफ कार्रवाई करने के सवाल पर राजनाथ सिंह ने कहा कि वह इस घटना के लिए बिना शर्त माफी मांग चुके हैं। अब इस विषय को अब आगे बढ़ाने की जरूरत नहीं है और इसे यहीं समाप्त समझा जाना चाहिए।
राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा की शैली कालिख पोतने की नहीं है। इस पूरे मामले में जौली ने उनसे मुलाकात की थी और अपनी बात रखी थी। जौली ने कहा कि भावनाओं में आकर उनसे यह गलती हो गई है और इसके लिए वह बिना शर्त माफी मांग रहे हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने यह भी कहा कि जौली ने पार्टी के सभी पदों से अपना इस्तीफा भी सौंपा है हालांकि उन्होंने पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा नहीं दिया है।
वहीं इस पूरे मामले में राजनाथ सिंह ने कहा कि जौली पर प्राथमिकी भी दर्ज हो चुकी है।
कल पार्टी ने झाड़ लिया था पल्ला
कल पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और दिल्ली प्रभारी नितिन गडकरी और सुषमा स्वराज ने कल कहा था कि जौली के कालिख पोतने से भाजपा का कोई लेना देना नहीं है। भाजपा ऐसे कार्यों में विश्वास नहीं करती है।