कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र के जरौली इलाके में बाइक से टक्कर होने के बाद एक स्कूल बस में भीषण आग लग गई। आग लगते ही बस धू-धू कर जलने लगी। जब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंचती तब तक पूरी बस जलकर खाक हो गई। हालांकि इस हादसे में बस में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए।
दुर्घटनाग्रस्त हुई बस में स्थानीय डीपीएस स्कूल के तीन बच्चे भी सवार थे जिन्हें सुरक्षित बचा लिया गया। बस बच्चों को लेकर स्कूल आ रही थी। घटना के बाद बच्चे काफी दहशत में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उल्टी दिशा में आ रहे बाइक सवार ने बस में टक्कर मार दी जिसमें बाइक सवार तो बच गए लेकिन उनकी बाइक बस से अंदर चली गई।
घटना के बाद बाइक सवार लड़कों ने बस ड्राइवर के साथ तू-तू मैं मैं शुरू कर दी। इतने में बस के अंदर धुआं उठने लगा। ड्राइवर ने तत्परता दिखाते हुए बस में सवार स्कूली बच्चों को फौरन बस से उतार दिया। हड़बड़ी में बच्चों का स्कूली बैग भी बस के अंदर ही रह गया। देखते ही देखते बस में भीषण आग पकड़ ली।