काशी की तरह ही प्राचीन शहर है क्योटो। जिस तरह से क्योटो का कायाकल्प किया गया, उसी तरह काशी की तस्वीर भी संवारी जाएगी बशर्तें आप खुद इसके लिए पहल करें और बदलाव को तैयार हों। काशी को संवारने में क्योटो का अनुभव हमारे काम आएगा। इस काम में क्योटो प्रशासन के साथ ही जापान सरकार और जापान की निजी संस्थाएं भी मदद करेंगी।
विकास के रास्ते पर काशीवासी आगे बढ़ें, हम हर सहयोग को तैयार हैं। ये बातें नगर निगम के महापौर कक्ष में गुरुवार की शाम क्योटो के डिप्टी मेयर केनिची ओगासवारा ने कहीं। वह महापौर राम गोपाल मोहले व जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करने के बाद मीडिया से मुखातिब थे।
जापानी प्रतिनिधिमंडल के साथ दो दिवसीय दौरे पर काशी पहुंचे ओगासवारा ने साफ कहा कि काशी को क्योटो की तरह खूबसूरत और आधुनिक बनाया जा सकता है। धरोहरें भी सुरक्षित रहेंगी। मगर इस काम में वक्त लगेगा और काशीवासियों को अपना नजरिया भी बदलना होगा। हमारा यह पहला दौरा है। इस दौरे का दो उद्देश्य है।