मौलाना आजाद नेशनल उर्दू विश्वविद्यालय (मानू) हैदराबाद के चांसलर जफर यूनुस सरेशवाला का कहना है कि हमारी कौम पतन की राह (जवाल पज़ीर) पर है। इस स्थिति में व्यक्ति या कौम की सूझबूझ चली जाती है।
सरेशवाला शुक्रवार को जामिया उर्दू अलीगढ़ की स्थापना दिवस पर ‘मुसलमानों की समस्याएं और हमारी जिम्मेदारियां’ विषय पर बोल रहे थे। इस मौके पर जामिया उर्दू द्वारा जफर सरेशवाला को दख्तूर-ए-अदब अवार्ड से सम्मानित किया गया। अपने संबोधन के क्रम में सरेशवाला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गुणगान किया।
उन्होंने कहा कि आज मुसलमान नाक की दंडी पर गुस्सा रखता है। हम इस मुल्क में आए हैं और रहते हैं। हमने हिंदुओं को क्या दिया? 1200 साल से रह रहे हैं लेकिन आज तक हिंदू भाई हमारे नाम का सही उच्चारण नहीं कर पाते।
कभी हमने उन्हें ‘अल्लाह हु अकबर’ या ‘अजान’ के बारे में बताया। आज जरूरत इस बात की है कि हम अपनी जिंदगी में इस्लाम को लाएं। आज हम दो ही जगह यानी बीबी को तलाक देने वक्त या बाप के मरने पर बहन का धन हड़पने वक्त इस्लाम को याद करते है।