कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा की राजस्थान में जमीन के मुद्दे पर संसद के दोनों सदनों में भाजपा सांसदों ने भारी हंगामा किया। हंगामा थमता न देख लोकसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी गई।
इससे पहले विपक्ष के हंगामे की वजह से प्रश्नोत्तरकाल नहीं हो पाया था। हंगामे की वजह से सदन की कार्यवाही कई बार बाधित हुई।
12 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होते ही भाजपा के सांसद हंगामा करने लगे। वहीं सत्ता पक्ष की ओर से भी कई सांसद हाथ में कागज लहराते देखे गए। भारी हंगामे को देखते हुए लोकसभा स्पीकर मीरा कुमार ने सदन की कार्यवाही को कल तक के लिए स्थगित कर दी।
इधर राज्यसभा में प्रश्नकाल शुरू होते ही भाजपा सांसद राजस्थान में भूमि घोटाले का मुद्दा उठाने लगे। उनका कहना था कि रॉबर्ट वाड्रा ने किसानों की जमीन सस्ते दर पर खरीदकर उसे महंगे दाम पर बेचकर घोटाला किया है।
भाजपा सांसदों का कहना था कि रॉबर्ट वाड्रा ने गलत तरीके से राजस्थान में यह जमीन खरीदी। रॉबर्ट वाड्रा को मालूम था कि उस इलाके में फैक्ट्री लगने के बाद जमीन महंगी होने वाली है। प्रॉपर्टी की कीमत बढ़ते ही वाड्रा ने अपनी जमीन बेच दी।
श्रीलंका सेना के तमिलों पर अत्याचार, केरल के मछुआरों की हत्या के आरोपी इतालवी नौसैनिकों को मुकदमे के लिए भारत भेजने से इटली सरकार के इनकार का भी संसद में गूंजा।
उल्लेखनीय है कि कुछ साल पहले रॉबर्ट वाड्रा ने बीकानेर में 311 एकड़ जमीन खरीदी थी। इसके अलावा जैसलमेर में भी उनके नाम कई बीघा जमीन है। ये जमीनें वाड्रा की अलग-अलग कंपनियों के नाम पर हैं। विपक्ष का आरोप है कि वाड्रा ने इनमें कुछ जमीनों को बाद में बेच दिया।