धर्म परिवर्तन के मुद्दे पर संसद में विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया। राज्यसभा में विपक्षी नेताओं ने वेल में उतरकर नारेबाजी की। विपक्षी सदस्य 'धर्म का सौदा बंद करो' के नारे लगा रहे थे। लोकसभा में भी विपक्षी सदस्यों ने इस मसले को उठाया। विपक्ष चाहता है कि प्रधानमंत्री इस मसले पर राज्यसभा में खुद आकर सफाई दें। जेडीयू के राज्यसभा सदस्य केसी त्यागी का कहना है कि किसी को लालच देकर या जबरदस्ती धर्म परिवर्तन कराना एक अपराध है और इसे किसी भी कीमत पर रोका जाना चाहिए।
समाजवादी पार्टी के सांसद नरेश अग्रवाल का कहना है कि लगता है कि धर्म परिवर्तन का सारा मामला योजनाबद्ध तरीके से किया जा रहा है। इस मामले में प्रधानमंत्री को राज्यसभा में आकर खुद सफाई देनी चाहिए। कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने भी कहा कि विपक्ष इस बात पर एकमत है कि प्रधानमंत्री को सदन में आकर इस मसले पर सरकार की तरफ से स्पष्टीकरण देना चाहिए। विपक्षी सदस्यों के हंगामे के बीच संसदीय कार्य राज्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि सरकार किसी भी मसले पर चर्चा को तैयार है लेकिन विपक्ष बेवजह हंगामा कर रहा है। भारी हंगामे के बाद विपक्ष की कार्यवाही को स्थगित भी करना पड़ा।