गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस नीत यूपीए सरकार पर बेरोजगार युवकों को नौकरी देने का झूठा वादा करने का आरोप लगाया है । मोदी ने स्वामी विवेकानंद यूथ कंवेंशन में कहा कि कांग्रेस के घोषणा पत्र में साफ कहा गया है कि सरकार बनने पर पार्टी हर परिवार के सदस्य को रोजगार देगी।
साल 2009 में कांग्रेस ने कहा कि एक करोड़ लोगों को नौकरी दी जाएगी, लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। मोदी ने सवाल किया कि आखिर कांग्रेस युवाओं के साथ इस तरह से धोखा क्यों कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर कोई हमें धोखा देता है तो हम उसे माफ नहीं कर सकते। धोखा देना हमारी प्रवृति नहीं है।
मोदी कांग्रेस की प्रदेश इकाई की उस घोषणा पर प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे थे, जिसमें कहा गया है कि अगर वह सत्ता में आई तो राज्य में 10 लाख युवकों को नौकरी प्रदान की जाएगी। गौरतलब है कि गुजरात में इस साल के अंत में चुनाव होने वाले हैं।
मोदी ने कहा कि दिल्ली की सरकार गुजरात के युवकों के साथ धोखा कर रही है, जबकि हम राज्य में औद्योगिक विकास में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि भारत सरकार के एक सर्वेक्षण के अनुसार भारत में जिन रोजगारों का सृजन किया जा रहा है उसका 72 फीसदी गुजरात में हो रहा है। मोदी ने कहा कि गुजरात सरकार के विगत एक दशक के कार्यकाल में साढे़ तीन लाख से अधिक लोगों को रोजगार मिला है। एक लाख और लोगों को रोजगार मिलेगा। मोदी ने कहा कि अगर कोई युवक अपना उद्यम शुरू करने की इच्छा रखता है तो गुजरात सरकार उसे बैंक से कर्ज दिलाने में मदद करेगी।