अब ट्वीटर और फेसबुक खोलने से पहले आपको यूपीए सरकार के नए प्रचार अभियान से रू-ब-रू होना पड़ेगा।
दरअसल, टीवी और अखबारों में यूपीए सरकार के प्रचार अभियान पेश करने के बाद अब सोशल मीडिया पर सरकार की उपलब्धियों की छाप छोड़ने की तैयारी है।
यही नहीं, अब सरकार के सभी मंत्रालयों के विज्ञापनों को भी भारत निर्माण अभियान में शामिल करने की बात चल रही है।
अर्थात आगामी लोकसभा चुनाव को दूर की कौड़ी न मानते हुए सरकार का भारत निर्माण विज्ञापन अभियान जल्द ही बड़े पैमाने पर शुरू होने जा रहा है। यही नहीं, प्रमुख वेबसाइटों पर मंत्री सरकार का प्रचार करते दिखेंगे।
सोशल मीडिया पर सीधे लोगों के गुस्से और चुटीली टिप्पणियों को देखते हुए सरकार प्रचार अभियान को व्यापक करने की तैयारी में है।
गूगल, याहू जैसे प्रमुख सर्च इंजन से लेकर समाचार और मनोरंजन से जुड़ी प्रमुख वेबसाइटों पर विज्ञापन अगले हफ्ते तक आने शुरू हो जाएंगे। खास बात यह है कि यूपीए सरकार के मंत्रियों की फौज खुद वेबसाइटों पर प्रचार करती दिखेगी।
मंत्रियों के इंटरव्यू वेबसाइटों पर अपलोड किए जाएंगे। मनीष तिवारी, कपिल सिब्बल, जयराम रमेश, सीपी जोशी, सलमान खुर्शीद आदि मंत्री सरकार के नौ साल के दौरान देश के विकास की कहानी लोगों को बताएंगे।
सूचना और प्रसारण मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि अभी तक भारत निर्माण से जुड़े ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, मानव संसाधन, महिला एवं बाल विकास आदि मंत्रालयों के विज्ञापन ही इस प्रचार अभियान में शामिल हैं, लेकिन अब आर्थिक गतिविधियों से जुड़े वित्त और वाणिज्य एवं उद्योग समेत कई मंत्रालयों ने इस अभियान से जुड़ने की इच्छा जताई है।