किसानों को घर बैठे गन्ना सूचना प्रणाली (एसआईएस) तकनीकी से गन्ने के बारे में सभी तरह की सूचनाएं मुहैया कराने में उत्तर प्रदेश को दुनिया का प्रथम राज्य होने का गौरव प्राप्त हुआ है। देश स्तर पर प्रथम पुरस्कार जीतने के बाद सोमवार को नई दिल्ली में हुए अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में यूपी प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहा।
अपर गन्ना आयुक्त और गन्ना संस्थान के निदेशक एन पी सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में अव्वल रहने के लिए 26 अक्टूबर को नई दिल्ली में यूपी को स्वर्ण पद दिया जाएगा। 22 अक्टूबर को एसआईएस तकनीक पर नई दिल्ली में हुई कॉमनवेल्थ प्रस्तुति में सूबे के 30 लाख से ज्यादा गन्ना किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं को लेकर गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग और गन्ना आयुक्त कामरान रिजवी द्वारा दी गई प्रस्तुति में यूपी अव्वल रहा है।
गौरतलब है कि पिछले दो साल से किसानों को विभाग के प्रयास से गन्ने की खेती से लेकर उसे मिलों तक पहुंचाने और फिर मूल्य भुगतान संबंधित सभी सूचनाएं नि:शुल्क मोबाइल पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। विभाग द्वारा विकसित नई तकनीक से किसानों को गन्ना बेचने के लिए बार-बार चीनी मिलों और गन्ना समितियों के चक्कर लगाने से निजात मिल गई है।