झारखंड में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। इंडियन स्कूल ऑफ माइन्स (आईएसएम) में पढ़ने वाले यूपी के एक छात्र की शनिवार को पुटकी के चर्चित भटिंडा फाल्स में डूबकर मौत हो गई, जबकि दूसरा छात्र लापता है।
हादसा उस वक्त हुआ, जब पिकनिक मनाने आए आईएसएम के चार छात्र भटिंडा फाल्स के किनारे नहा रहे थे। नहाने के दौरान ही इनमें से एक लवांश शर्मा का पांव फिसला और गहरे पानी में जा फंसा। उसे बचाने उसका दोस्त अरुण कुमार सिंह भी गहरे पानी में कूद पड़ा और दोनों डूबने लगे।
बाद में अरुण का शव तो पानी से निकाल लिया गया, लेकिन लवांश का कोई पता नहीं चल सका।
कंप्यूटर साइंस का तीसरे वर्ष का छात्र अरुण उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले का रहने वाला था। मध्य प्रदेश के राजगढ़ का रहने वाला लवांश शर्मा इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के तीसरे साल का छात्र था। लवांश की तलाश की जा रही है। इसी तरह सितंबर, 2012 में भी आईएसएम के दो छात्रों की डूबकर मौत हो गई थी।