फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फैजाबाद दंगाः सरकार करेगी नुकसान की भरपाई

Wed, 21 Nov 2012 10:33 AM IST
लखनऊ/ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि फैजाबाद में हिंसक घटनाओं से प्रभावित लोगों के सम्पत्ति के नुकसान की पूरी भरपाई सरकार करेगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन व पुलिस के उन अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी, जिन्होंने हिंसक घटनाओं पर काबू पाने में लापरवाही बरती है।
विज्ञापन


मुख्यमंत्री ने यह भी आश्वासन दिया कि जिन बेकसूर लोगों को इन घटनाओं के दौरान गिरफ्तार किया गया है उन्हें जल्दी ही रिहा किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह आश्वासन मंगलवार को अपने सरकारी आवास पर प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण एवं नगर विकास मंत्री आजम खां के साथ अपनी व्यथा सुनाने आए फैजाबाद जिले के दंगा पीड़ितों के एक शिष्टमण्डल को दिया।

उन्होंने कहा कि जब से प्रदेश की वर्तमान सरकार सत्ता में आई है तभी से कुछ लोग अपने निहित स्वार्थों के चलते प्रदेश में कायम अमन व चैन के माहौल को बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं ताकि प्रदेश सरकार की छवि खराब हो। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि इन शरारती तत्वों की नापाक कोशिशों को किसी भी सूरत में कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। जिला प्रशासन व पुलिस को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और कानून व्यवस्था को पूरी कड़ाई से बनाए रखा जाए।
विज्ञापन


मुख्यमंत्री ने अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री के साथ आए लोगों से कहा कि सरकार के निर्देशों के पालन न करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शिष्टमण्डल से अपेक्षा की कि जिन लोगों ने दंगे में अपनी सम्पत्ति को हुये नुकसान के सुबूत व अन्य जरूरी कागजात अभी तक उपलब्ध नहीं कराए हैं वे जल्द ही उपलब्ध करा दें, ताकि उनके नुकसान की भरपाई के लिए कार्यवाही शुरू की जा सके।    

अल्पसंख्यक कल्याण एवं नगर विकास मंत्री आजम खां ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शरारती तत्वों द्वारा की जा रही फसाद व हिंसा की घटनाओं के जरिये प्रदेश सरकार की छवि खराब करने की एक सुनियोजित साजिश रची जा रही है। प्रदेश सरकार इस साजिश को किसी भी दशा में कामयाब नहीं होने देगी और इन्हें रचने वालों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई करेगी।

उन्होंने कहा कि इन घटनाओं को लेकर सरकार का रवैया बहुत सख्त है और इसी रवैये के अनुरूप जिला प्रशासन व पुलिस अधिकारियों को कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि इन घटनाओं के लिए दोषी पाए गए अधिकारियों व कर्मचारियों को कतई बख्शा नहीं जाएगा और वे दण्ड के भागीदार होंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें