दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद हाई रिस्क कैटेगरी के बंदी को आगरा में हत्या और जानलेवा हमले के मामले में पेशी पर लाए दिल्ली पुलिस के छह और आगरा के पांच पुलिसकर्मियों ने गुरुवार की सुबह एमजी रोड स्थित एक शोरूम से खरीदारी करवाई। बंदी जूता पसंद कर रहा था कि तभी मीडियाकर्मी पहुंच गए। इसके बाद पुलिस टीम उसे लेकर भाग निकली।
एसपी सिटी की जांच रिपोर्ट पर एसएसपी ने आगरा पुलिस लाइन के पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित किया है। दिल्ली की पुलिस टीम के खिलाफ भी एसएसपी ने रिपोर्ट भेजी है। तिहाड़ जेल में निरुद्ध शातिर अपराधी मनोज उर्फ बक्करवाला के खिलाफ जगदीशपुरा थाने में हत्या और जानलेवा हमले का मामला चल रहा है। पांच साल पहले उसका नाम हत्या में आया था।
गुरुवार को इसी मामले में पेशी के लिए दिल्ली पुलिस के छह पुलिसकर्मी मनोज को लेकर ट्रेन से आए थे। राजामंडी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरे। इसके बाद बंदी मनोज को पुलिस लाइन से एस्कोर्ट उपलब्ध कराया गया। इसमें हेड कांस्टेबल समेत पांच पुलिसकर्मी थे। हत्या के मामले में मनोज को अपर जिला जज (दशम) की कोर्ट में पेश किया गया।