दलितों की हितैषी बहुजन समाज पार्टी (बसपा) महाराष्ट्र में दो फाड़ हो गई है। पार्टी सुप्रीमो मायावती से असंतुष्ट राज्य के आधे से अधिक पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बसपा के संस्थापक सदस्य डॉ. सुरेश माने के नेतृत्व में बहुजन रिपब्लिकन सोशलिस्ट पार्टी (बीआरएसपी) नाम की एक नई पार्टी बना ली है। इससे महाराष्ट्र में बसपा को स्थापित करने की मायावती की कोशिशों को जोर का झटका लगा है।
महाराष्ट्र में भले ही बसपा कभी लोकसभा या विधानसभा का चुनाव नहीं जीत पाई, लेकिन उसका एक एकमुश्त वोट बैंक रहा है। बीते विधानसभा चुनाव में बसपा को 2.3 फीसदी वोट मिले थे।
बसपा का सबसे ज्यादा जनाधार विदर्भ में था, लेकिन विदर्भ के सभी 11 जिलों में बसपा इकाई के बड़े नेता और जिलाध्यक्ष पार्टी छोड़कर बीआरएसपी में चले गए हैं।