बेटे के बाद सुनंदा पुष्कर के भाई ने भी शशि थरूर का बचाव किया है।
सेना में कर्नल सुनंदा के भाई राजेश ने कहा है कि इस बात की कल्पना भी नहीं की जा सकती कि थरूर उनकी बहन को चोट पहुंचा सकते हैं। उन्होंने कहा कि सुनंदा को चोट पहुंचाने की जो अफवाहें उड़ रही हैं उनसे उनके परिवार को परेशानी हो रही है।
एक बयान में राजेश ने कहा है कि उनकी बहन सुनंदा बेहद मजबूत व्यक्तित्व वाली महिला थीं और खुद को नुकसान पहुंचाने की बात उसके जेहन में दूर-दूर तक नहीं आ सकती थी।
अगर इस तरह की बातें की जा रही हैं तो ये पूरी तरह बेतुकी हैं और इन पर भरोसा नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने सुनंदा की मौत की जांच को जल्द से जल्द खत्म करने की अपील की है ताकि अफवाहों से उनके परिवार को होने वाली तकलीफ खत्म हो सके।
गौरतलब है कि सुनंदा पुष्कर की मौत का हाई प्रोफाइल मामला क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया है। मामले की संवेदनशीलता और जटिलता को देखते हुए जांच को क्राइम ब्रांच के हवाले किया गया है।
राजेश ने कहा है कि वह थरूर और सुनंदा की इतने दिनों की यात्रा में उनके साथ रहे हैं और पूरे भरोसे का साथ कह सकते हैं कि दोनों एक दूसरे को बेहद चाहते थे।
अगर दोनों के बीच कोई तनाव होगा तो यह थोड़े समय के लिए हुआ होगा। पति-पत्नी के बीच ऐसी बातें होती ही हैं। दोनों को बीच थोड़े समय के तनाव को इस घटना का जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।
राजेश ने कहा है कि इस मामले की जांच जल्द पूरी की जाए ताकि उनके परिवार को बेवजह की अफवाह से तकलीफ न पहुंचे।