भारतीय जनता पार्टी की फायर ब्रांड नेता एवं मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने कहा है कि वह प्रचार के लिए गुजरात जाएंगी। उन्होंने कहा कि गुजरात में तीसरी बार भी भाजपा की सरकार नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बननी तय है। सुषमा स्वराज द्वारा मोदी को प्रधानमंत्री पद का उपयुक्त उम्मीदवार बताने पर वह इसे पार्टी का मामला बताते हुए कन्नी काट गईं।
सोमवार को भाजपा के पूर्व सांसद जयभान सिंह पवैया के निवास पर उनके पुत्र के निधन पर सांत्वना देने पहुंची उमा भारती ने कहा कि वह इसी सप्ताह गुजरात में चुनाव प्रचार के लिए जा रही हैं। 6 और 7 दिसंबर को तूफानी दौरे कर अनेक सभाओं को संबोधित करेंगी।
उमा भारती ने कहा कि गुजरात में विधानसभा चुनावों में तीसरी बार भी मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बन रही है और राज्य में भाजपा के पक्ष में सबसे मजबूत माहौल है। मोदी को प्रधानमंत्री पद के लिए भाजपा नेत्री सुषमा स्वराज द्वारा उपयुक्त उम्मीदवार बताए जाने संबंधी सवाल के जवाब में उमा भारती का कहना था कि यह पार्टी का अंदरूनी मामला है, उन्हें इस बारे में कुछ भी नहीं कहना। पाकिस्तान में मंदिरों के तोड़े जाने पर उमा भारती ने आक्रोश जताया और कहा कि सरकार को इस मामले में सख्त कदम उठाना चाहिए।