भले ही ब्रिटेन ने एक दशक के बाद फिर से गुजरात के साथ संबंध बहाल कर लिए हैं, लेकिन वह 2002 में हुए सांप्रदायिक दंगों को अभी तक भूला नहीं है। भारतीय उच्चायुक्त जेम्स बेवन ने कहा कि हम उन दंगों को भूले नहीं है और हमें राज्य सरकार के साथ मिलकर यह सुनिश्चित करना होगा कि दंगा पीड़ितों को उचित न्याय मिल सके।
बेवन ने कहा, ‘2002 के गुजरात दंगों की भयावह तस्वीरें अभी भी हमारे जेहन में ताजा है। उस समय कई लोग मारे गए थे, जिसमें तीन ब्रिटिश नागरिक भी थे। इन लोगों को न्याय दिलाने के लिए हमें गुजरात सरकार के साथ मिलकर काम करना होगा।’ गुजरात सम्मलेन में इंग्लैंड के बड़े व्यापारी प्रतिनिधिमंडल के साथ आए बेवन ने गुजरात के साथ संबंध बहाल करने के सवाल के जवाब में यह बातें कहीं।
उन्होंने कहा, ‘मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ पिछली बैठक में मैंने दंगों में मारे गए तीन ब्रिटिश नागरिकों को न्याय दिलाने का मामला उनके सामने रखा था।’ ब्रिटेन ने 10 साल बाद पिछले साल अक्तूबर में गुजरात के साथ अपने संबंधों को फिर बहाल किया था।
बेवन ने कहा कि हम भारत के साथ मजबूत और गहरी साझेदारी चाहते हैं। गुजरात से साझेदारी किए बिना यह लक्ष्य पूरा नहीं हो सकता।