संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के एक वरिष्ठ राजनयिक को कथित तौर पर सोने के गहनों की तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया गया है। 37 किलो सोने की कीमत कम से कम 11 करोड़ रुपये मानी जा रही है।
सूत्रों ने बताया कि काउंसलर रैंक का यह राजनयिक सोमवार सुबह सिंगापुर से जैसे ही दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरा, राजस्व खुफिया महानिदेशालय (डीआरई) की टीम ने उसे रोक लिया और उसके सामान की तलाशी लेनी चाही।
पहले तो राजनयिक ने डीआरई अधिकारियों को साफ इन्कार कर दिया। मगर बाद में डीआरई के सर्च ऑर्डर का आदेश जारी करने के बाद उसके सामान की जांच की गई, जिसमें करीब 37 किग्रा की गोल्ड ज्वेलरी मिली।
राजनयिक के सूटकेस में सोने के जेवर भरे हुए थे। वह यह जवाब देने में भी असमर्थ रहा कि आखिर इतनी ज्यादा ज्वेलरी उसके पास क्यों है। जरूरी औपचारिकताओं के बाद उसे एयरपोर्ट से जाने की इजाजत दे दी गई।
सूत्रों ने बताया कि डीआरआई अधिकारियों ने हालांकि राजनयिक के साथ सफर कर रहे दिल्ली के एक बिजनेसमैन को हिरासत में लिया है। जांच टीम को शक है कि इस तस्करी में वह भी मिला हुआ है।
आगे की कार्रवाई के लिए यह मामला विदेश मंत्रालय के सामने रख दिया गया है। विदेश मंत्रालय के अधिकारियों का इस संबंध में कहना है कि राजनयिक पर विएना सम्मेलन के तहत कार्रवाई की जाएगी।
इसके मुताबिक राजनयिक दूसरे देश के आपराधिक, सिविल और प्रशासनिक न्यायिक क्षेत्र से मुक्त होता है। हालांकि मेजबान देश के आग्रह पर उसका प्रत्यर्पण किया जा सकता है।