कुरुक्षेत्र के लाडवा-रादौर मार्ग पर बड़शामी चौक के निकट एक ट्राला और कैंटर की टक्कर होने से कैंटर में सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। लाडवा की ओर से यमुनानगर जा रहे एक ट्राले के आगे रविवार सुबह करीब 5:00 बजे अचानक एक कुत्ता आ गया।
कुत्ते को बचाने के लिए ट्राला चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इसके साथ ही पीछे आ रहे मुर्गियों से भरे कैंटर चालक को भी अचानक ब्रेक लगाने पड़े, लेकिन इस बीच कैंटर पीछे से ट्राले में जा भिड़ा। इस कैंटर चालक के साथ वाली सीट पर सो रहे दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद ट्राला चालक कुछ दूरी पर अपना वाहन छोड़ मौके से फरार हो गया। वहीं इस घटना की सूचना मिलते ही लाडवा पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों की शिनाख्त कराई। मृतकों की पहचान जिला कुरुक्षेत्र के गांव रुड़की निवासी विशाल (18) पुत्र सतविंद्र और यमुनानगर की आईटीआई के निकट हरबंस पुरा निवासी प्रेमलाल (22) पुत्र स्वर्गीय लालचंद के रूप में हुई है। प्रेमलाल अविवाहित था। पुलिस ने दोनों शवों और ट्राले को कब्जे में लेकर फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
इस हादसे में दर्दनाक घटना की सूचना मृतकों के घर में पहुंचते ही मातम छा गया। इनमें 18 वर्षीय विशाल अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र और बहनों का इकलौता भाई था। वहीं हादसे का शिकार हुआ यमुनानगर निवासी प्रेम के परिवार में वह इकलौता ऐसा व्यक्ति था, जिसके सहारे घर का गुजर बसर चल रहा था। उनके पड़ोसी ललित मनोचा के मुताबिक इस हादसे से प्रेम की मां और बहन बेसहारा हो गए हैं, क्योंकि उनके पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। अब कोई रिश्तेदार भी इनकी मदद करने वाला नहीं रहा।