तमिलनाडु में पुलिस ने एक कॉलेज मालिक के बेटे और प्रिंसिपल को गिरफ्तार किया है। उन्हें तीन छात्राओं की आत्महत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार शनिवार को छात्राओं ई सरान्या, वी प्रियंका (दोनों 18) और मोनिशा (19) ने कथित तौर पर अधिक फीस की मांग होने पर कुएं में छलांग लगाकर जान दे दी थी।
बताया जा रहा है कि विल्लुपुरुम के कल्लाकुरुचि स्थित एसवीएस योग मेडिकल कॉलेज की इन छात्राओं ने ये कदम कॉलेज प्रबंधन के 'कृत्यों' को उजागर करने के लिए उठाया। पहली नजर में आत्महत्या की वजह 'अधिक फीस' को इसलिए भी माना जा रहा है क्योंकि छात्रों ने पिछले साल सितंबर और अक्टूबर में अधिक फीस वसूलने और इसकी रसीद नहीं देने के कॉलेज प्रबंधन के कदम के खिलाफ प्रदर्शन किया था।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने नाम न उजागर करने की शर्त पर बीबीसी को बताया, "गिरफ्तार लोग हैं- कॉलेज मालिक का बेटा सुखी वर्मा और कॉलेज के प्रिंसिपल कलानिधि।"