यूपी में पीलीभीत के न्यूरिया क्षेत्र के गांव मोहनपुर में एक धार्मिक स्थल को तोड़कर असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की लेकिन गांव के दोनों समुदाय के लोगों ने भाईचारा दिखाकर उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
मौके पर पहुंचे पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में दोनों समुदायों से चंदा इकट्ठा किया गया और धर्मस्थल का दोबारा निर्माण करा दिया गया। इस दौरान गांव में कहीं तनाव की छाया तक नहीं नजर आई। ग्राम प्रधान के पति की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ धर्मस्थल तोड़ने की रिपोर्ट दर्ज की है।
मोहनपुर गांव में मुस्लिम सुमदाय के करीब 15 परिवार हैं। गांव के बाहर प्राइमरी और जूनियर हाईस्कूल हैं, जिनके पास में ही दोनों समुदायों के धार्मिक स्थल हैं। बुधवार की रात असामाजिक तत्वों ने एक समुदाय के धार्मिक स्थल को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया था।
बृहस्पतिवार सुबह गांव के लोगों को इसका पता लगा तो दोनों समुदायों के लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई। ग्राम प्रधान के पति शिवलाल ने घटना की सूचना एसओ दलवीर सिंह को दी। कुछ ही देर बाद एएसपी सुधीर कुमार सिंह, एसडीएम सदर सुरेंद्र बहादुर यादव और सीओ निर्मल कुमार बिष्ट आदि अफसर कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए।