अमरोहा में मंडी धनौरा थाना क्षेत्र के गांव हैबतपुर में रविवार शाम मामूली बात पर दो समुदाय आमने सामने आ गए।
बाइक हटाने में देरी पर सैनी समुदाय के व्यक्ति की पिटाई की गई तो विरोध में दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति को निशाना बनाया गया। आरोप है कि, इसके बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने सैनी समुदाय के लोगों के घरों पर चढ़ाई कर घर में आग लगा दी।
घर पर मौजूद महिला-पुरुषों को धारदार हथियार से घायल कर दिया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर आरोपी अपने घरों से फरार हो गए। पीड़ित पक्ष के लोग भयभीत हैं। दो समुदायों के बीच का मामला होने से गांव में पुलिस तैनात है।
हैबतपुर गांव निवासी शीशपाल पुत्र गंगू सैनी रविवार को बाइक से अपनी बहन को लेकर गांव जा रहा था। बाइक पर पीछे रखा बोरा गिर गया। उसे रास्ते से हटाने में देर हो गई। आरोप है कि, इस पर पीछे कार से आ रहे फिरोज पुत्र शौकीन ने उसे थप्पड़ मार दिया। इस पर दोनों में मारपीट हो गई।
इसकी सूचना कुछ ही दूरी पर स्थित गांव में दोनों पक्षों को मिल गई। इस पर गंगू सैनी पक्ष के लोगों ने गांव के रास्ते में मिले फिरोज के भाई की पिटाई कर दी। इस पर फिरोज के परिजनों ने गंगू सैनी के घर पर चढ़ाई कर दी। घर पर जो भी मिला उस पर हमला बोल दिया।