पाकिस्तानी राजनयिक जरगम रजा और उनके ड्राइवर के साथ मारपीट करने के आरोप में दिल्ली पुलिस ने एक महिला और उसके भतीजे को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों पर आईपीसी की धारा 279, 323, 336, 341, 143, 149 के तहत लापरवाही से गाड़ी चलाने, चोट पहुंचाने, दूसरों की सुरक्षा को खतरे में डालने का मामला दर्ज किया है।
गौरतलब है कि सोमवार शाम पाक दूतावास के प्रथम सचिव जरगम रजा अपनी कार से वसंत कुंज स्थित अपने घर जा रहे थे। इस दौरान रजा की कार एक बाइक से टकरा गई।
आरोप है कि बाइक सवार रोशनी और उसके भतीजे रोहित ने पाक राजनयिक और ड्राइवर से बदतमीजी व धक्कामुक्की की।
पाकिस्तान उच्चायोग ने इस घटना की निंदा करते हुए विदेश मंत्रालय के समक्ष कड़ा विरोध जताया और जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।