लोकसभा के चुनावी रण में ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस पश्चिम बंगाल में जीत का परचम लहराने को बेताब है।
अब तक आए परिणामों में तृणमूल कांग्रेस के 20 उम्मीदवारों ने जीत दर्ज कर ली है जबकि 14 सीटों पर अभी भी पार्टी आगे चल रही है।
वहीं कांग्रेस को 4 और बीजेपी एवं सीपीआई (एम) को कुल दो-दो सीटें मिलती नजर आ रही हैं। सुबह 8 बजे शुरू हुई लोकसभा चुनाव की मतगणना में टीएमसी शुरू से ही विरोधियों पर हावी रही और जैसे-जैसे गिनती आगे बढ़ी उसकी जीत पुख्ता होती गई।
एग्जिट पोल से ही मिले थे संकेत
पश्चिम बंगाल के लगभग 6,24,68,988 मतदाताओं ने लोकसभा की 42 सीटों पर कुल 472 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला किया।
सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी अमित ज्योति भट्टाचार्या ने बताया कि 69 मतगणना केंद्रों वाले 48 मतगणना स्थल स्थापित किये गए थे जहां प्रत्यक्ष पर्यवेक्षण 43 महापर्यवेक्षक एवं 55 मतगणना पर्यवेक्षकों ने मतगणना पूरी कराई।
लोकसभा में कई सेलिब्रिटी और स्टार खिलाडि़यों को टिकट देने वाली तृणमूल कांग्रेस को नतीजों से पहले आए एग्जिट पोल में ही अच्छी खासी सीटें मिलती दिख रही थीं।
पिछले आंकड़ों में बड़ा बदलाव
पिछले लोकसभा चुनावों के मुकाबले इस बार तृणमूल कांग्रेस का सीटों में जबरदस्त इजाफा हुआ है। टीएमसी ने पिछली बार कुल 19 सीटें जीती थीं। जबकि सीपीएम को 9, कांग्रेस को 6 और बीजेपी, आरएसपी, एआईएफबी और सीपीआई को 2-2 सीटें मिली थीं।
इस बार चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की सीटों में आया जबरदस्त उछाल पंश्चिम बंगाल में ममता दीदी के जादू को बयां कर रहा है।