उत्तर प्रदेश के सोनभद्र इलाक़े में दो रेलगाड़ियों के बीच हुई टक्कर में कम से कम दो लोग मारे गए हैं और छह लोग घायल हुए हैं।
दुर्घटना उस समय हुई जब ओबरा रेलवे स्टेशन से थोड़ा पहले चोपन-कटनी पैसेंजर (गाड़ी संख्या 51676) और बनारस-शक्तिनगर इंटरसिटी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 23345) एक ही पटरी पर आ गईं और दोनों के बीच टक्कर हो गई।
पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर ज़ोन का ओबरा रेलले स्टेशन चोपन और सिंगरौली के बीच में है।
चोपन के कमर्शियल कंट्रोल, कन्हाईनाथ राम ने बताया कि “बुधवार की रात पौने बारह बजे के आसपास चोपन-कटनी पैसेंजर ओबरा रेलवे स्टेशन पर खड़ी थी। उसी समय पीछे से चोपन-बनारस इंटरसिटी एक्सप्रेस ने खड़ी ट्रेन को टक्कर मार दी। इसके कारण पैसेंजर ट्रेन का अंतिम डब्बा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।”
इस दुर्घटना में पास के ही रॉबर्टसगंज इलाक़े के संजय कुमार सिंह और प्रमोद कुमार सिंह की मौक़े पर ही मौत हो गई। कुछ घायलों को चोपन के स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि गंभीर रुप से घायल लोगों को इलाज के लिये बनारस सरकारी अस्पताल में भर्ती कराये जाने की ख़बर है।