लोकसभा के जारी चुनाव के बीच वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय की ओर से प्रायोजित एक रिपोर्ट में गुजरात के जमीन अधिग्रहण मॉडल को बेहतरीन बताते हुए कारोबारी माहौल सुधारने के लिए अन्य राज्यों को भी इसे अपनाने की सलाह दी गई है।
औद्योगिक नीति और प्रोत्साहन विभाग के लिए कंसल्टेंसी फर्म एसेंचर द्वारा तैयार की गई ‘बेस्ट प्रेक्टिस टु इंप्रूव द बिजनेस एंवायरमेंट एक्रॉस स्टेस्ट्स/यूटीज’ नामक रिपोर्ट में कर्नाटक और महाराष्ट्र में श्रम प्रबंधन के साथ व्यापार और निवेश की सुविधाओं की भी बात की गई है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि जमीन से जुड़े हस्तक्षेप के लिए गुजरात औद्योगिक विकास निगम (जीआईडीपी) के मॉडल को सबसे बेहतर चुना गया, हालांकि कुछ अन्य राज्यों ने भी उद्योग जगत के अनुकूल नीतियां बनाई हैं।
इशरत जहां केस में अमित शाह को सीबीआई से क्लीन चिट
नरेंद्र मोदी का दांया हाथ कहे जाने वाले भाजपा नेता अमित शाह को सीबीआई ने इशरत जहां फर्जी मुठभेड़ मामले में क्लीन चिट दे दी है।
चुनावी माहौल में कई तरह के विवादित बयानों से अपने विरोधियों का शिकार हो रहे अमित शाह को इससे बड़ी राहत मिली है।
अहमदाबाद की विशेष सीबीआई अदालत में दायर एफिडेविट में सीबीआई ने कहा है कि शाह के खिलाफ उसके पास कोई सबूत मौजूद नहीं है।
अमेठी में स्मृति ईरानी और प्रियंका की PA के बीच तनातनी!
अमेठी से कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ रहीं टीवी बहू और भाजपा उम्मीदवार स्मृति ईरानी और प्रियंका गांधी वाड्रा की निजी सचिव के बीच झगड़ा हो गया। स्मृति जब मतदान केंद्रों का जायजा ले रही थीं, जब वहां उन्हें प्रियंका की पीए प्रीति सहाय दिखीं।
उन्हें देखकर स्मृति भड़क उठीं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रियंका गांधी की सचिव अमेठी में मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है। स्मृति ईरानी ने अमेठी के थाउरी पोलिंग सेंटर के एक पोलिंग बूथ पर प्रीति सहाय को कुछ मतदाताओं से बातचीत करते देखा। दोनों का आमना-सामना हुआ और सारी बहस कैमरे में रिकॉर्ड हुई।
भाजपा उम्मीदवार ने सबसे पहले सवाल उठाया कि प्रीति सहाय अमेठी में नहीं रहतीं, ऐसे में मतदान के वक्त पोलिंग बूथ पर वो क्या कर रही हैं? जाहिर है, प्रीति ने भी स्मृति को जवाब दिया।
केजरीवाल ने अधिकारियों पर लगाया संगीन इल्जाम
आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी अरविंद केजरीवाल ने कई प्रशासनिक अधिकारियों पर भाजपा समर्थक होने का आरोप लगाया है। उन्होंने डिप्टी एसपी को यह कहकर हटाने की मांग की कि वे नरेंद्र मोदी के घोर समर्थक हैं। हिंदू धर्म के बारे में गलत विचार रखते हैं।
महमूरगंज स्थित केंद्रीय कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में केजरीवाल ने डिप्टी एसपी के पत्र में लिखे ‘हिंदू बहुल तथा भाजपा समर्थित स्थानों’ सरीखे कई वाक्यों पर आपत्ति जताई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि वह मोदी के खिलाफ बोल रहे हैं तो पुलिस को परेशानी हो रही है। उन्होंने जिलाधिकारी को लिखे पत्र में उस वाक्य पर भी नाराजगी जाहिर की है जिसमें केजरीवाल पर आरोप लगाया गया है कि मीडिया का ध्यान खींचने के लिए वह कई हथकंडे अपना रहे हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने नर्सरी दाखिले से रोक हटाई
दिल्ली में नर्सरी में प्रवेश को लेकर पिछले पांच माह से चल रहा ऊहापोह बुधवार को खत्म हो गया। सुप्रीम कोर्ट ने इस मसले पर अपना फैसला सुनाते हुए नर्सरी एडमिशन पर लगी रोक हटा दी है।
साथ ही जिन अंतर-राज्यीय स्थानांतरण के मसले पर जिन बच्चों के अभिभावकों ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था उन्हें स्कूलों में प्रवेश मिलेगा। जस्टिस एचएल दत्तू की अध्यक्षता वाली पीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए कहा कि जिन अभिभावकों ने अदालत का दारवाजा खटखटाया है उनके बच्चों को एडमिशन मिलाना चाहिए।
इस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा था कि नेबरहुड और दूसरी श्रेणियों के लिये आवेदन करने वाले और लाटरी में चयनित बच्चों को प्रवेश दिया जाए।
मुलायम से ज्यादा जहरीला है बेटा अखिलेशः माया
बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा कि बसपा सर्वसमाज को राजनीति में उचित भागीदारी देती है। ऐसा प्रदेश के 80 सीटों पर प्रत्याशी तय कर दिखाया गया है। सवर्ण जाति के गरीबों को आरक्षण देने का प्रस्ताव बसपा की सरकार ने ही दिया था। हालांकि केंद्र सरकार ने इसको मंजूरी नहीं दी।
उन्होंने विरोधी दलों के चुनावी घोषणापत्र को छलावा बताते हुए कहा कि बसपा कहने में नहीं, करने में विश्वास करती है। मंगलवार को देवरिया में 45 मिनट के भाषण में उनके निशाने पर सबसे अधिक भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी रहे।
साथ ही मायावती ने कहा कि यदि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर नहीं होते तो मुलायम सिंह यादव किसी जमींदार की भैंस चराते खेत-खलिहान में नजर आते। चुनावी सभाओं में पूर्व मुख्यमंत्री मायावती को बुआ और फुआ कह कर चुटकी लेने वाले मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर वह बिफर पड़ीं। बोलीं, बाप से ज्यादा जहरीला है बेटा।
RCB के खिलाफ चला पोलार्ड का बल्ला
कप्तान रोहित शर्मा (नाबाद 59) और कीरोन पोलार्ड (43) की जोरदार पारियों और उसके बाद गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 7 के 27वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर को 19 रन से हरा दिया।
मुंबई इंडियंस ने पांच विकेट पर 187 रन बनाए। जवाब में बंगलोर की टीम निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 168 रन ही बना सकी।
टूर्नामेंट में अपने शुरुआती पांच मैच गंवाने वाली मुंबई इंडियंस ने स्वदेश आने पर लगातार दूसरी जीत दर्ज कराई है। इससे पहले उसने पंजाब किंग्स इलेवन को हराया था।
भाभा परमाणु केंद्र में सरकारी नौकरी का मौका
भाभा परमाणु केंद्र में तकनीकी अधिकारियों के रिक्त पदों को भरने के लिए विज्ञप्ति जारी की गई है। इन पदों पर भारतीय उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
विज्ञापित पदों में तकनीकी अधिकारी/सी(इलेक्ट्रिकल), तकनीकी अधिकारी/सी(इलेक्ट्रोनिक्स), तकनीकी अधिकारी/सी(यांत्रिकी), तकनीकी अधिकारी/सी(भौतिकी) और तकनीकी अधिकारी/सी(रसायनिकी) के पद शामिल हैं।
आवेदन शुल्क के तौर पर सामान्य वर्ग के आवेदक को 250 रुपये जमा कराना होगा। महिला सहित आरक्षित वर्ग को आवेदन शुल्क से मुक्त रखा गया है।
बस खाई में गिरने से 14 की मौत
बुधवार की सुबह शाकड़िधार के पास ऋषिकेश से जा रही रोडवेज बस खाई में गिर गई। 150 फीट गहरी खाई में बस के गिरने से 14 लोगों की मौत हुई है और 04 लोग घायल हैं।
सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है और घायलों को ऋषिकेश ले जाया जा रहा है। यह बस दिल्ली से गुप्तकाशी जा रही थी। एआरएम रोजवेज मौके पर पहुंच चुके हैं।
बस में कुल 35 यात्री सफर कर रहे थे। वहीं उत्तराखंड के सीएम हरीश रावत ने सड़क हादसे में मरने वाले लोगों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए देने की घोषण की है।
थाईलैंड की कोर्ट ने दिया प्रधानमंत्री को स्तीफा देने का आदेश
थाईलैंड की एक अदालत ने प्रधानमंत्री यिंगलक चिनावाट को पद छोड़ने का आदेश दिया है। उन पर सत्ता के दुरुपयोग का मामला चल रहा है। संवैधानिक अदालत ने अपने फ़ैसले में कहा है कि यिंगलक चिनावाट ने देश के सुरक्षा प्रमुख को ग़ैर क़ानूनी तरीके से पद से हटाया है।
कई महीनों के राजनीतिक गतिरोध के बाद संवैधानिक अदालत का यह फ़ैसला आया है। सरकार विरोधी प्रदर्शनकारी नवंबर 2013 से यिंगलक चिनावाट को पद से हटाने का प्रयास कर रहे थे।
अदालत के इस फ़ैसले के बाद सरकार समर्थक सड़कों पर उतर सकते हैं। यिंगलक चिनावाट थाईलैंड के ग्रामीण इलाक़ों में बेहद लोकप्रिय हैं। यिंगलक चिनावाट पर आरोप है कि उन्होंने विपक्ष की ओर से नियुक्त किए गए सुरक्षा प्रमुख थाविल प्लायंस्री को ग़लत तरीके से पद से हटा दिया था।