कुमार विश्वास की लखनऊ में हुई प्रेस कांफ्रेंस में हंगामा हो गया। खुद को मुलायम यूथ ब्रिगेड, बिजनौर का प्रवक्ता बताने वाले सैफ जाफरी नाम के एक कार्यकर्ता ने कांफ्रेंस के दौरान जमकर बवाल मचाया।
पहले उसने पीछे से कुमार विश्वास पर अंडा फेंका और फिर जोर जोर से कुमार विश्वास मुरदाबाद और कुमार विश्वास वापस जाओ के नारे लगाने लगा।
युवक ने आरोप लगाया कि कुमार विश्वास ने हिंदू और मुस्लिमों के भगवान और अल्लाह का अपमान किया है।
उसने कहा कि जो लोग देवी-देवताओं का सम्मान नहीं कर सकते, उनसे देश के सम्मान की उम्मीद कैसे लगाई जा सकती है।
अमेठी में आप के खिलाफ पोस्टर: 'क्या राष्ट्रद्रोही अब देश चलाएंगे?'
दिल्ली के चुनावों में जीत का परचम फहराने वाली आम आदमी पार्टी अब लोकसभा चुनाव की तैयारियों में लगी है और दूसरी तरफ कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के 'किले' अमेठी में टीम केजरीवाल पर निशाना साधने वाले राष्ट्रद्रोही वाले पोस्टर और होर्डिंग लगा दिए गए हैं।
इन होर्डिंग में निशाना टीम केजरीवाल पर साधा गया है। अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और कुमार विश्वास की तस्वीरें छापकर उन्हें काट दिया गया है। इनके ऊपर लिखा गया है राष्ट्रद्रोही।
होर्डिंग में इन तस्वीरों के बराबर में सवाल किया गया है, "क्या राष्ट्रद्रोही अब देश चलाएंगे?" जाहिर है, अमेठी में पांव पसारने की कोशिश कर रही आम आदमी पार्टी की आमद ने वहां के स्थानीय नेताओं को हमला बोलने का मौका भी दिया है।
फ्लॉप शो साबित हुआ केजरीवाल का जनता दरबार
दिल्ली की कुर्सी संभालने के बाद आम आदमी पार्टी सरकार ने शनिवार को सचिवालय के बाहर पहली बार जनता दरबार लगाया, लेकिन यह दांव उल्टा पड़ गया। कुछ देर बाद ही इसे स्थगित करना पड़ा।
इस दरबार में इतनी ज्यादा भीड़ पहुंच गई कि प्रशासन के सारे इंतजामात धरे के धरे रह गए। भीड़ बेकाबू हो गई और सुरक्षा घेरा, बैरिकेड तोड़ दिए। ऐसी अफरा-तफरी मची कि शिकायत करने पहुंचे लोगों के दस्तावेज सड़क पर बिखरे पड़े थे।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनके कैबिनेट के दूसरे मंत्री मौजूद थे, लेकिन वहां मौजूद लोग कुछ सुनने-समझने को तैयार नहीं थे। बहुत से लोग ऐसे थे, जो किसी शिकायत के साथ नहीं आए थे। वे सिर्फ केजरीवाल को बधाई देना चाहते थे।
मुझे छूने और चूमने की कोशिश कर रहे थे जज
नेशनल ग्रीन ट्राब्यूनल के चेयरमैन और सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज न्यायमूर्ति स्वतंत्र कुमार पर एक महिला ने यौन शोषण का आरोप लगाया गया है। जब कुमार सुप्रीम कोर्ट में जज थे, तो यह महिला उनकी इंटर्न थी।
यह महिला मई 2011 में जस्टिस कुमार की ऑफिशियल इंटर्न थी। तब वह वेस्ट बंगाल नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ ज्यूरिडिशियल साइंसेज, कोलकाता की छात्रा थी।
इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक महिला ने 30 नवंबर, 2012 को चीफ जस्टिस पी सदाशिवम को सात पन्नों का हलफनामा दिया, जिसमें उसने जस्टिस स्वतंत्र कुमार पर संगीन इल्जाम लगाए हैं।
हाथ जोड़कर बोले नेताजी, मुझे दिल्ली पहुंचा दो
बुंदेलों की धरती पर समाजवादी पार्टी की पहली चुनावी महारैली में पीएम बनने का सपना देख रहे मुलायम सिंह यादव ने जनता के सामने हाथ जोड़ लिए।
मुलायम ने मोदी, मायावती, मनमोहन और लालू पर जमकर निशाना साधा। अपनी बात खत्म करते हुए जनता के सामने हाथ जोड़े और कहा कि मैं प्रार्थना करता हूं कि हमें दिल्ली पहुंचा देना।
रैली में मुलायम सिंह ने कहा कि पत्रकार भी निष्पक्ष होकर लिखें। कहा, अगर आप मेरी मदद नहीं कर सकते तो कम से कम खिलाफत भी न कीजिए। मुलायम सिंह इतना भी बुरा नहीं है।
मुलायम ने कहा कि नरेंद्र मोदी कहते हैं कि वह यूपी को गुजरात बना देंगे। लेकिन हम यूपी में गुजरात की तरह कत्लेआम नहीं होने देंगे। उन्हें खदेड़कर भगा देंगे।
युवाओं के लिए सेना में भर्ती होने का मौका
युवाओं के लिए सेना में भर्ती होने का एक सुनहरा मौका है। सेना भर्ती मुख्यालय द्वारा उत्तर प्रदेश के सात जनपद के युवाओं के लिए विभिन्न पदों पर सहारनपुर स्थित महिपुरा कैंपिंग ग्राउंड में 19 फरवरी को सेना भर्ती रैली आयोजित की जाएगी।
सेना भर्ती मुख्यालय की ओर से सैनिक जीडी, तकनीकी, सैनिक क्लर्क, एसकेटी, ट्रेडमैन, सैनिक तकनीकी नर्सिंग असिस्टेंट पदों के लिए भर्ती निकाली गई है।
सेना भर्ती रैली 19 फरवरी को गाजियाबाद, 20 को मेरठ, 21 को बागपत, 22 को मुरादाबाद, 23 को सहारनपुर, 24 को रामपुर और 25 को अमरोहा के लिए आयोजित होगी।
वहीं 26 फरवरी को मेरठ, बागपत, सहारनपुर, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, शामली, अमरोहा, गौतमबुद्घनगर, मुरादाबाद, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर और रामपुर जनपद के सेवानिवृत्त सैनिकों के लिए डीएससी में भर्ती की जाएगी।
'भाई की हत्या कर सिपाहियों ने किया गैंगरेप'
उत्तर प्रदेश के बदायूं में फैजगंजबेहटा थाने की आसफपुर चौकी पुलिस के दो सिपाहियों ने भाई की हत्या कर बहन से छेड़छाड़ ही नहीं की थी बल्कि उसके साथ गैंगरेप किया था।
पहले घटना से सहमी विवाहित युवती ने बलात्कार की कोशिश की बात कही थी लेकिन जब कुछ सियासी लोगों का सहारा मिला तो उसने पुलिस की कलई खोल दी।
आखिरकार पुलिस ने युवक की हत्या और उसकी बहन से गैंगरेप के मामले में शुक्रवार को दो अज्ञात सिपाहियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। एसएसपी के आदेश पर फैजगंजबेहटा थाने में मुकदमा दर्ज करने के साथ ही विवेचना महिला थानाध्यक्ष को दे दी गई है।
जम्मू-कश्मीर को मिला 324 रनों का लक्ष्य
मनदीप सिंह (101) के शानदार शतक से पंजाब ने रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल के तीसरे दिन शुक्रवार को अपनी दूसरी पारी में 296 रन बनाकर जम्मू-कश्मीर के सामने जीत के लिए 324 रन का कठिन लक्ष्य रखा।
पहली बार क्वार्टर फाइनल में खेल रही जम्मू-कश्मीर ने दिन का खेल समाप्त होने तक दो विकेट पर 77 रन बना लिए हैं। उसे जीत के लिए अभी 247 रन चाहिए जबकि उसके आठ विकेट शेष हैं।
वडोदरा में हो रहे इस मैच में इससे पहले पंजाब ने अपनी दूसरी पारी दो विकेट पर 15 रन से आगे बढ़ाई और टीम 72.2 ओवर में 296 रन पर सिमट गई।
पंजाब ने अपने पांच विकेट 50 रन तक गंवा दिए थे लेकिन टीम इंडिया से बाहर चल रहे युवराज सिंह ने ताबड़तोड़ अंदाज में खेलते हुए 58 गेंदों पर छह चौकों और एक छक्के की मदद से 40 रन बनाए।
मान्यता को टीबी, बढ़ सकती हैं संजय दत्त की छुट्टी!
संजय दत्त की पत्नी मान्यता दत्त को टीबी की बीमारी हुई है। संभव है कि संजय की पेरोल बढ़ जाए। संजय दत्त मान्यता की जिस बीमारी को आधार बनाकर जेल के बाहर निकले थे असल में वह बीमारी काफी बड़ी है।
सुनने में आया है कि संजय दत्त की पत्नी मान्यता को टीबी की बीमारी है। साथ ही वह लीवर के इन्फेक्शन से भी जूझ रही हैं। पहले यह कहा जा रहा था कि मान्यता के पेट में ट्यूमर है। अब यह ट्यूमर लगातार बढ़ता जा रहा है।
इधर संजय दत्त की पेरोल भी बढ़ सकती है। संजय दत्त को 21 जनवरी को वापस पुणे जेल में जाना है। संजय दत्त चाहते हैं कि उनकी यह पेरोल अवधि कम से कम 20 दिन और बढ़ जाए। अब देखना ये हैं कि उनकी इस मांग को कोर्ट मानता है या नहीं।
ईरान के परमाणु कार्यक्रम से यूरोप खुश
यूरोपीय संघ ने कहा है कि ईरान के साथ परमाणु कार्यक्रम को लेकर हुए समझौते को लागू करने की दिशा में "बहुत अच्छी प्रगति" हो रही है। यूरोपीय संघ की विदेश मामलों पर काम करने वाली सेवा ने कहा है, "यह मामला अब राजधानियों में राजनीतिक स्तर पर वैधता दिए जाने के चरण पर है।"
इससे पहले ईरान के उप विदेश मंत्री का ईरान के सरकारी मीडिया में बयान छपा था कि सभी मह्त्वपूर्ण मुद्दे सुलझा लिए गए हैं। पिछले साल नवंबर में ईरान अपना परमाणु कार्यक्रम रोकने को तैयार हुआ था। बदले में ईरान पर लगे प्रतिबंधों में ढील दी गई थी।
बारीकियों पर चर्चा
हाल ही के हफ़्तों में वार्ताकार क्लिक करें पी5 समूह (अमेरिका, ब्रिटेन, फ़्रांस, चीन, रूस और जर्मनी) के प्रतिनिधियों से समझौता लागू करवाने की तकनीकी बारीकियों पर चर्चा के लिए मिल रहे हैं।