फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खबरें सुपरफास्ट: 10 मिनट में दिनभर की सुर्खियां

विज्ञापन
विज्ञापन
काफी जद्दोजहद के बाद आखिरकार भाजपा के पितामह लालकृष्ण आडवाणी गांधीनगर से चुनाव लड़ने के लिए मान गए। उन्होंने कहा कि मैं गांधीनगर से चुनाव लड़ने को तैयार हूं।
विज्ञापन


आडवाणी ने कहा, 'पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने यह फैसला मुझ पर ही छोड़ा था। मैं गुजरात से शुरू से ही जुड़ा रहा हूं और वहीं से चुनाव लडूंगा।'

भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को मनाने के लिए नया दांव चला है। उन्होंने कहा है कि आडवाणी को गांधी नगर और भोपाल दोनों ही लोकसभा क्षेत्रों से चुनाव लड़ने का विकल्प दिया गया है। वे जहां से चाहे वहां से चुनाव लड़ सकते हैं।

केजरीवाल पर हो सकता है बनारस में हमला

वाराणसी में आम आदमी पार्टी नेता अर‌विंद केजरीवाल पर हमला हो सकता है। सोशल मीडिया में चल रहे संदेशों की मानें तो 25 मार्च को वाराणसी में आयोजित केजरीवाल की रैली में बवाल होने की आशंका है।

केजरीवाल इसी रैली में भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्‍मीदवार और वाराणसी में लोकसभा प्रत्याशी नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ने की घोषणा कर सकते हैं। ये रैली शहर के व्यस्ततम इलाके बेनियाबाग में होने वाली है।

दरअसल ये बातें सोशल मीडिया में चल रहे संदेशों में कही जा रही हैं। संदेशों में कहा जा रहा है कि केजरीवाल अपने ऊपर खुद ये हमला करवा सकते हैं। हालांकि इन संदेशों ने पुलिस और खुफिया एजेंसियों की नींद उड़ा दी है।

सपा-भाजपा पर मायावती का हमला

यूपी में पूर्वांचल से लड़ने की अटकलों पर विराम लगाते हुए बसपा सुप्रीमो मायावती ने गुरुवार को साफ कर दिया वे पूर्वांचल से नहीं लड़ेंगी। उन्होंने यह भी साफ किया कि सतीश चंद्र मिश्रा या नसीमुद्दीन सिद्दीकी जैसे नेता भी आजमगढ़ या वाराणसी से चुनाव नहीं लड़ेंगे।

उन्होंने बताया कि लालगंज सीट से पहले ही बसपा ने डॉ. बलीराम का टिकट पक्का किया हुआ है। इसके आलावा, वाराणसी से माया विजय प्रकाश जायसवाल को ही चुनाव मैदान में उतारेंगी।

मायावती ने यह भी कहा कि वह जिन प्रत्याशियों के टिकट तय कर चुकी हैं, उनके टिकट नहीं काटे जाएंगे। मायावती ने कहा कि समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल को हिंदू-मुस्लिम रंग देने के लिए इस्तेमाल कर रही हैं।

मशहूर लेखक खुशवंत सिंह का निधन

मशहूर लेखक और पत्रकार खुशवंत सिंह का गुरूवार को निधन हो गया। वे 99 वर्ष के थे। आज शाम चार बजे लोधी रोड शवदाह गृह में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

पाकिस्तान में पंजाब प्रांत के हादली में उनका जन्म 2 फरवरी 1915 को हुआ था। सिंह के परिवार में उनकी पत्नी कवल मलिक, बेटा राहुल सिंह और एक बेटी माला है।

वह मशहूर पत्रिका योजना के संस्‍थापक संपादक थे। साथ ही उन्होंने इलस्ट्रेडेट वीकली, द नेशनल हेराल्ड और हिंदुस्तान टाइम्स जैसे प्रमुख अखबरों का संपादन किया।

मुलायम के प्रचार को तैयार अमर सिंह

चौ. अजित सिंह के साथ नई सियासी पारी शुरू करने वाले अमर सिंह का कहना है कि अगर मुलायम सिंह यादव इशारा कर देंगे या उनका चपरासी भी कह देगा तो वह आजमगढ़ में उनके पक्ष में प्रचार करेंगे।

बकौल अमर सिंह आजमगढ़ में जो भी विकास हुए हैं उसके सूत्रधार मुलायम सिंह ही रहे हैं। यह बात दीगर है कि बड़प्पन दिखाते हुए मुलायम ने इसका श्रेय उन्हें दिया है।

सच तो यह है कि वहां सड़क, अस्पताल, हवाई पट्टी से लेकर जो भी अन्य विकास कार्य हुए हैं वह मुलायम सिंह के सहयोग के बगैर संभव नहीं था।

फिलहाल आजमगढ़ में मुलायम को उनका प्रतीकात्मक समर्थन है लेकिन अगर वह चाहेंगे तो गृह जनपद होने के नाते वह आजमगढ़ जाकर भी उनके लिए वोट मांगने से पीछे नहीं हटेंगे।

मैदान में उतरने को तैयार नहीं कांग्रेसी दिग्गज

लोकसभा चुनाव में भाजपा को टक्कर का मुकाबला देने के लिए कांग्रेस अपने कई दिग्गजों को चुनावी मैदान में उतारने के लिए पूरा जोर लगा रही है। मगर दिग्गज हैं कि मैदान में उतरने के लिए तैयार ही नहीं हो रहे।

पंजाब में अमृतसर से अरुण जेटली के खिलाफ अमरिंदर सिंह को पार्टी चुनाव लड़ाने की कोशिश में है। मगर कैप्टन इससे किनारा करने की कोशिश कर रहे हैं।

केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री नमो नारायण मीणा भी राजस्थान से चुनाव लड़ने से पीछे हट रहे हैं तो ओडिशा में उम्मीदवारी का ऐलान होने के बावजूद श्रीकांत जेना अपनी सीट बदलने के लिए हाईकमान पर दबाव बना रहे हैं। उन्होंने हाईकमान को कहा है कि अगर उनकी सीट नहीं बदली जाएगी तो वह चुनाव नहीं लड़ेंगे।

सोनिया गांधी पर हमलावर हुईं मेनका

भाजपा सांसद मेनका गांधी ने साफ कर दिया है कि वह चुनावी लड़ाई में किसी तरह की नरमी दिखाने के ‌मूड में नहीं है। इसी रणनीति के तहत उन्होंने सोनिया गांधी पर करारा हमला बोला है।

इस बार पीलीभीत से मैदान में उतरीं मेनका गांधी ने एक चुनावी सभा में सोनिया पर हमला बोलने में कोई परहेज नहीं दिखाया। उन्होंने कहा, "वो (सोनिया गांधी) बाहर से आई थीं और देश ने उन्हें खूब प्यार दिया। उन्हें अपनाया।"

मेनका ने कहा, "अंतरराष्ट्रीय अखबारों का कहना है कि वह दुनिया की छठी सबसे अमीर महिला हैं। मैं उनसे पूछना चाहती हूं कि इतना पैसा कहां से आया। वो दहेज में तो कुछ लेकर नहीं आई थीं। करोड़ों रुपए कहां से आए?"

शक्ति मिल गैंगरेप कांड में चार दोषी

मुंबई के शक्ति मिल गैंगरेप कांड के सभी आरोपियों को मुंबई की सेशंस कोर्ट ने दोषी करार दे दिया है। इस दौरान महाराष्ट्र के गृह मंत्री आर आर पाटिल भी फैसला सुनाए जाने के वक्त कोर्ट में मौजूद थे।

अदालत ने पांच आरोपियों में से चार आरोपी सिराज खान, सलीम अंसारी, मोहम्मद कासिम उर्फ कासिम बंगाली और विजय जाधव को दोषी करार दिया है।

इन्हें धारा 376डी, 377 और 354 के तहत दोषी करार दिया गया। जबकि पांचवें नाबालिग अभियुक्त का मामला जुविनायल कोर्ट में चल रहा है।

उड़ते जहाज में डांस कर मनाई होली

स्पाइसजेट को अपनी आठ विशेष फ्लाइटों में हवा में होली मनाना महंगा पड़ गया है। डीजीसीए ने इस पर सख्त आपत्ति जताते हुए दो पायलटों को सस्पेंड करने के अलावा कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है।

सोमवार को स्पाइसजेट की फ्लाइट में केबिन क्रू के सदस्य होली के मौके पर डांस करते दिखाई दिए। उनके साथ कुछ यात्री भी डांस कर रहे थे। इसके वीडियो यूट्यूब समेत कई सोशल मीडिया पर भी अपलोड कर दिए गए।
विज्ञापन

पत्नी को मार डाला क्योंकि वह 'गे' था

एक व्यक्ति ने इसलिए अपनी नवविवाहिता पत्नी को मार डाला क्योंकि वह 'गे' था। पहले तो उसने अपनी समलैंगिकता छुपाने के लिए ही शादी की, फिर उसे लगा कि उसका ये राज उसकी पत्‍नी जान गई है।

शादी के कुछ ही महीनों बाद पति ने वैक्‍यूम क्‍लीनर के पाइप से अपनी पत्‍नी की गला दबाकर हत्‍या कर दी। इतना ही नहीं, अपना अपराध छुपाने के लिए उसने पत्‍नी की लाश को आग में झोंक कर जला भी डाला।

ब्रिटेन में रहने वाले भारतीय मूल के इस समलैंगिक युवक जसवीर राम गिंडे पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मामले की सुनवाई कोर्ट में चल रही है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें